फेक दस्तावेज बनाकर पुलिस भर्ती में हुआ शामिल, पूर्व सैनिक पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Apr 02, 2022 - 04:26 PM (IST)

हमीरपुर: पुलिस विभाग में भर्ती के लिए जाली दस्तावेजों का मामला सामने आया है। सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदनशील शर्मा ने कहा कि दस्तावोजों से छेड़छाड़ किए जाने पर जालसाजी के आरोप में सैनिक के खिलाफ मामला दर्ज है। आरोपी शिमला का रहने वाला है। सैनिक कोटे से कांस्टेबल की भर्ती हिमाचल पुलिस विभाग में चल रही थी। सैनिक कल्याण निदेशालय हमीरपुर से योग्यता पूरी करने वाले सैनिकों की सूची पुलिस विभाग में भेजी जाती है।
शिमला का रहने वाला पूर्व सैनिक अपना शारीरिक मापदंड पूरा नहीं कर पाया, इस कारण वह पुलिस विभाग में सिलैक्ट नहीं हो पाया। आर्मी डिस्चार्ज में उसके शरीर की ऊंचाई 165 सेंटीमीटर दर्ज थी, जबकि पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए ऊंचाई 169 सेंटीमीटर चाहिए थी। आर्मी डिस्चार्ज से संबंधित व्यक्ति ने शारीरिक ऊंचाई 165 के स्थान पर 169 कर दी थी। जब दस्तावेजों की अच्छे तरीके से जांच की गई तो व्यक्ति की बारीकी आसानी से पकड़ी गई।
हमीरपुर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 में मामला दर्ज किया है। इस कारण संबंधित पुलिस भर्ती से बाहर हो गया है। उसे पुलिस की कार्रवाई का सामना भी करना पड़ रहा है। एस.एच.ओ. हमीरपुर राजेश कुमार ने माना कि पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में शिमला निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुमार ने कहा है कि पुलिस इस मामले की जड़ तक जांच कर करेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here