10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए रोजगार का मौका! 150 पदों पर होगी भर्ती...15 सितम्बर से इंटरव्यू
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 03:50 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। लुधियाना स्थित निजी कंपनी कांगड़ा जिले के युवाओं के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन करने जा रही है। कांगड़ा के जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी द्वारा मशीन ऑप्रेटर ट्रेनी के कुल 150 पदों पर भर्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार पात्र माने जाएंगे।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, रोजगार कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार उम्मीदवार की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साक्षात्कार में चयनित होने वाले उम्मीदवारों को उनके कौशल के आधार पर 13,483 से लेकर 15,483 रुपए प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा। वेतन के अतिरिक्त कर्मचारियों को कंपनी के तय नियमों के अनुसार अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
रोजगार अधिकारी के अनुसार 15 सितम्बर को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 16 सितम्बर को उप रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां, 18 सितम्बर को जिला रोजगार कार्यालय कांगड़ा और 19 सितम्बर को उप रोजगार कार्यालय देहरा में साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। सभी निर्धारित स्थानों पर साक्षात्कार सुबह 11 बजे से शुरू होंगे।
साक्षात्कार में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को अपने साथ कुछ आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपना अपडेटेड बायोडाटा, सभी शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और अनुभव प्रमाण पत्र अपने साथ लेकर आना होगा। पात्र युवा निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय में पहुंचकर इस अवसर का लाभ ले सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

