Kangra: चामुखा मंदिर के पास ब्यास नदी में बुजुर्ग लापता, नदी किनारे मिले कपड़े व जूते
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 10:58 PM (IST)
रक्कड़: पुलिस थाना रक्कड़ के तहत चामुखा मंदिर के समीप ब्यास नदी में नहाने उतरा बुजुर्ग लापता हो गया। उसकी नदी में डूबने की आशंका के चलते पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। लापता बुजुर्ग की पहचान रमेश चंद शर्मा (70) पुत्र चिंतराम निवासी गांव डोहगी बंगाणा जिला ऊना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रमेश चंद शर्मा टैक्सी से चामुखा मंदिर में माथा टेकने आया था। मंदिर में दर्शन करने से पहले वह पास बहती ब्यास नदी में नहाने चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर टैक्सी चालक ने नदी किनारे जाकर उसकी तलाश की।
वहां बुजुर्ग के कपड़े और जूते मिले, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद टैक्सी चालक ने बंगाणा टैक्सी यूनियन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस थाना रक्कड़ को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू करवाया। एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि ब्यास नदी में लापता बुजुर्ग की तलाश जारी है। अभियान में एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है। हालांकि बीती शाम तक बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल पाया था।

