चोरों ने 2 घरों में लगाई सेंध, लाखों के गहनों व नकदी पर किया हाथ साफ

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2023 - 11:51 PM (IST)

कुठाड़ (मदन): पुलिस चौकी कुठाड़ के तहत ग्राम पंचायत दाड़वा में चोरों ने दिनदहाड़े 2 घरों में सेंधमारी कर लाखों रुपए के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पहली चोरी दाड़वा गांव के पूर्व सैनिक विजय कुमार के घर पर हुई। विजय कुमार नालागढ़ में कार्य करते हैं। उनकी धर्मपत्नी सीमा घर का काम कर दोपहर 11 बजे के करीब खेतों में गई थी। जब वह वापस लौटी तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी से सोने व चांदी के आभूषण जिनकी कीमत 15 से 18 लाख है व कुछ नकदी गायब थी। सीमा के पति ने गांव के प्रधान रमेश ठाकुर को फोन पर इस बारे में सूचित किया। प्रधान रमेश ठाकुर ने कुठाड़ पुलिस को फोन पर चोरी की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रधान रमेश ठाकुर ने बताया कि गांव में सुबह मढावाला के 2 फेरीवाले भी घूम रहे थे जोकि कारपेट बेच रहे थे। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। जब पुलिस दाड़वा में हुई इस चोरी की वारदात की छानबीन कर रही थी तो किसी ने इसी पंचायत के गांव जतरोग के लेखराम पुत्र धनीराम के घर में भी चोरी की सूचना पुलिस को दी। यह घटना दोपहर एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। चोर इस घर से भी सोने व चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी हुए इन गहनों की कीमत 4 से 5 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने 2 टीमें बनाकर दोनों गांव में तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस बनलगी चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की बात कर रही है। चोरों की धर पकड़ के लिए बरोटीवाला, कुनिहार, अर्की, रामशहर व सुबाथू आदि पुलिस चौकियों के अलावा हर आने-जाने वाले वाहन को भी चैक किया जा रहा है। पुलिस प्रभारी कुठाड़ जसवंत सिंह व महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शीघ्र ही चोर सलाखों के पीछे होंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News