Kangra: नूरपुर पुलिस की अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई; एक जेसीबी और 4 ट्रैक्टर जब्त, 5 चालान भी काटे
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 12:11 PM (IST)
नूरपुर/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खनन एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने पिछले 24 घंटों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमों द्वारा विशेष नाकाबंदी और चैकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और 4 ट्रैक्टरों को मौके पर कब्जे में लिया गया है।
अवैध परिवहन पर भी कसी नकेल
पुलिस ने केवल मशीनों को जब्त ही नहीं किया, बल्कि अवैध खनन सामग्री के परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। चैकिंग के दौरान 5 वाहन चालकों के चालान भी काटे गए। एसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : एसपी
एसपी नूरपुर के अनुसार अवैध खनन के विरुद्ध यह विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे प्राकृतिक संसाधनों को बचाने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध खनन की गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।

