हिमाचल में पीलिया ने ली नवविवाहिता की जान, देर रात PGI में तोड़ा दम

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 11:51 AM (IST)

चैलचौक (योगेंद्र): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के उपमंडल गोहर में पीलिया का जानलेवा प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीमारी के कारण नेहरा पंचायत के रौडी गांव की नवविवाहिता शानिया पत्नी सौरव की पीजीआई चंडीगढ़ में देर रात मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में पीलिया से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है, जबकि अब तक 210 से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।

एक हफ्ते पहले दिखे थे लक्षण, नेरचौक से किया गया था रैफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार शानिया बासा महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। करीब एक सप्ताह पहले उसमें पीलिया के शुरूआती लक्षण नजर आए थे। परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल गोहर में भर्ती करवाया। जब वहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रैफर कर दिया। नेरचौक में भी बीमारी पर काबू नहीं पाया जा सका और शानिया की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया। वहां लगातार इलाज के बावजूद उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार देर रात उसने दम तोड़ दिया।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर फूटा लोगों का गुस्सा
पीलिया से हुई इस तीसरी मौत के बाद पूरे गोहर क्षेत्र में दहशत के साथ-साथ भारी गुस्से का माहौल है। 210 के पार जा चुके मरीजों के आंकड़े ने हालात को और चिंताजनक बना दिया है। स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि लगातार बढ़ते मामलों के बावजूद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस बीमारी पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। जनता ने चेताया है कि यदि जल्द ही रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि इस जानलेवा बीमारी के प्रकोप को रोका जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News