Kangra: देश सेवा में समर्पित ITBP जवान अंकज कुमार का निधन, 2 मासूमाें के सिर से उठा पिता का साया
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 10:48 AM (IST)

कांगड़ा: ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोल से ताल्लुक रखने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान अंकज कुमार (35) का दुखद निधन हो गया है। वे उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बतौर चालक अपनी सेवाएं दे रहे थे। ब्रेन स्ट्रोक आने के कारण बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई, जिससे पूरे गांव और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार आईटीबीपी के एक अधिकारी ने परिजनों को फोन पर इस दुखद घटना की सूचना दी। अंकज कुमार के चाचा कुलदीप सिंह ने बताया कि जवान कुछ समय पहले ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। अचानक ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
शहीद जवान के पिता ठाकुर सिंह अपने गांव भाली में सिलाई का काम करते हैं, जबकि उनकी माता कांता देवी एक गृहिणी हैं। अंकज कुमार की पत्नी सपना देवी भी गृहिणी हैं और उनके दो छोटे बेटे आदित्य (10 वर्ष) और सूर्यांश (8 वर्ष)हैं। जवान की असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। माता-पिता, पत्नी और बच्चों की हालत अत्यंत दुखद है और उन्हें सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद अंकज कुमार का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव जोल पहुंचने की संभावना है। वहीं पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांववासियाें सहित प्रशासन और सुरक्षा बलों द्वारा अंतिम यात्रा की सभी तैयारियां की जा रही हैं।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक