10वीं पास युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका, 180 पदों के लिए 8 जून से शुरू होंगे इंटरव्यू

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 10:56 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए प्राइवेट सैक्टर में रोजगार पाने का एक शानदार मौका सामने आया है। सिस इंडिया लिमिटेड (हमीरपुर) द्वारा कांगड़ा जिले में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर (केवल पुरुष) के 180 पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पदों को भरने के लिए जिले के विभिन्न रोजगार कार्यालयों में वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। इन पदों पर आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक निर्धारित की गई है। इसके साथ ही आवेदक की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। युवाओं के लिए अच्छी खबर यह है कि इस नौकरी में चयनित उम्मीदवारों को 18 हजार से लेकर 24 हजार रुपए प्रतिमाह का बेहतरीन वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी के नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

सुबह 11 बजे होगा इंटरव्यू
विभागीय जानकारी के अनुसार, साक्षात्कार की प्रक्रिया 8 जून से शुरू होगी और सभी स्थानों पर इंटरव्यू का समय सुबह 11 बजे रखा गया है। शैड्यूल के मुताबिक 8 जून को उप रोजगार कार्यालय बैजनाथ, 9 जून को कांगड़ा, 10 जून को देहरा और 12 जून को उप रोजगार कार्यालय लम्बागांव में इंटरव्यू होंगे। इसके बाद 15 जून को जिला रोजगार कार्यालय धर्मशाला और अंत में 16 जून को उप रोजगार कार्यालय इन्दौरा में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

इंटरव्यू के दिन साथ लाएं ये जरूरी दस्तावेज
रोजगार अधिकारी ने बताया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लाने होंगे। इनमें दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, सभी शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र और अपना अपडेटेड बायोडाटा लाना अनिवार्य है। यदि किसी आवेदक के पास पहले से काम का अनुभव (एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट) है, तो वे उसे भी साथ ला सकते हैं।

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, नहीं मिलेगा यात्रा भत्ता
इच्छुक उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे साक्षात्कार में जाने से पहले रोजगार विभाग की आधिकारिक वैबसाइट https://eemis.hp.nic.in पर अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन करें। आवेदक अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नंबर का उपयोग करके इस वैबसाइट पर लॉगिन कर सकते हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए आने वाले किसी भी उम्मीदवार को कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News