हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में 5 ऑनलाइन कोर्स में दाखिले शुरू
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:23 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के जुलाई 2026 सत्र के प्रॉस्पैक्टस का विधिवत विमोचन कर दिया गया है। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन एवं दूरस्थ पाठ्यक्रमों का विवरण जारी करते हुए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान को देखते हुए प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 सितम्बर, 2026 तय की गई है। इच्छुक विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस सत्र में केंद्र के माध्यम से 5 प्रमुख ऑनलाइन पाठ्यक्रमों एमबीए, 500 सीटें, एमसीए 200 सीटें तथा एमए इतिहास, एमए अर्थशास्त्र व एमए राजनीति विज्ञान की पढ़ाई करवाई जा रही है।
अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में फीस काफी कम रखी गई है, ताकि छात्रों पर आर्थिक बोझ न पड़े। यूजीसी नियमों के तहत अब विद्यार्थी एक साथ 2 डिग्रियां प्राप्त कर सकते हैं और नौकरीपेशा कर्मचारियों को प्रवेश के लिए किसी प्रकार के अनापत्ति प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। प्रवेश, परीक्षा और परिणाम की 100 प्रतिशत प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी, जिसमें छात्र घर बैठे हिंदी या अंग्रेजी किसी भी भाषा में परीक्षा दे सकते हैं। उत्तीर्ण विद्यार्थियों को यूजीसी-डीईबी द्वारा अनुमोदित डिग्री प्रदान की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल का कहना है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के लिए सुनहरे अवसर लेकर आया है। हमारा मुख्य उद्देश्य हर उस विद्यार्थी तक उच्च शिक्षा पहुंचाना है, जो विभिन्न कारणों से अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सका। नौकरीपेशा और दूरदराज के युवा अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से यूजीसी-डीईबी द्वारा मान्यता प्राप्त डिग्री हासिल कर सकते हैं, जो उनके भविष्य में प्रगति और पदोन्नति के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगी।

