अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव : शाही अंदाज में निकली राजदेवता माधोराय की दूसरी जलेब

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2023 - 06:13 PM (IST)

मंडी (रजनीश): छोटी काशी मंडी में 19 से 25 फरवरी तक मनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी जलेब का आयोजन बुधवार को किया गया। जलेब में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने जलेब में शामिल होने से पहले राजदेवता माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। देव ध्वनियों के साथ राजदेवता माधोराय के मंदिर से शुरू हुई जलेब पड्डल मैदान में संपन्न हुई। जलेब में दर्जनों देवी-देवता अपने वाद्ययंत्रों के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान देवताओं के वाद्ययंत्रों से निकलने वाली देव ध्वनियों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। 
PunjabKesari

इस अवसर पर पड्डल मैदान में सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर का यह देव समागम एक अनूठा महोत्सव है, जिसमें श्रद्धालुओं को देवी-देवताओं के दर्शन करने का अवसर प्राप्त होता है। लोगों को छोटी काशी और इसके ग्रामीण क्षेत्रों की पारम्परिक संस्कृति की जानकारी भी मिलती है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि वर्तमान में प्रत्यक्ष कुछ है तो वह हमारे देवी-देवता हैं और हमारे देव समाज को आगे बढ़ाने वाले देवलु देव समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं जो अपना घर-परिवार छोड़कर देव परम्परा का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों से पहली बार देव समाज को एक करोड़ रुपए की राशि मिली है जो देव समाज को गौरवान्वित करने वाला है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने देव समाज के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ कीं जिसके कारण देव समाज आगे बढ़ा है। मंडी में अत्याधुनिक देव सदन का निर्माण किया गया है, जिससे इस महोत्सव में आने वाले देवताओं और देवलुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है। 
PunjabKesari

सीपीएस ने कहा कि कुल्लू और मंडी का देव समाज एक हो रहा है और भविष्य में एक साथ आगे बढ़कर देव परम्पराओं को आगे ले जाने के लिए सामुहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति व सभ्यता के प्रतीक हैं लेकिन मंडी में मनाए जाने वाले शिवरात्रि महोत्सव की अपनी अलग पहचान है। इससे पहले डीसी एवं अध्यक्ष शिवरात्रि मेला आयोजन समिति अरिंदम चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा उन्हें शाॅल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक धर्मपुर चंद्रशेखर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेत राम ठाकुर, लाल सिंह कौशल, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री और विभिन्न विभागों के अधिकारी, संगठनों के पदाधिकारी व शहर के गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
PunjabKesari

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News