अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा : पहली सांस्कृतिक संध्या में रूहानी सिस्टर्स ने सूफियाना अंदाज में जमाया रंग
punjabkesari.in Thursday, Oct 06, 2022 - 12:00 AM (IST)

कुल्लू (गीता): अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में रूहानी सिस्टर्स ने समां बांधा। मंच पर आते ही उन्होंने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने छेती आजा ढोलना अखियां उडीकदियां दिल आंवाजा मारदा गीत गाया। सूफियाना अंदाज में उन्होंने रंग जमाया। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सांस्कृतिक संध्या में बतौर दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का श्रीगणेश किया। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है। इसके बाद रूहानी सिस्टर्स ने भर दो झोली मेरी या मोहम्मद... दर से तेरे न जाऊंगा खाली गाना गाया। इसके बाद उन्होंने अज लथा नहीं ओ अखियां दा चाह... तू थोड़ी देर होर ठहर जा, जुगनी जीे... अल्लाह भी मौला पीर भी, दमादम मस्त कलंदर समेत अन्य गीत पेश किए और दर्शकों को नचाया। दोनों बहनों ने उत्सव में खूब रंग जमाया। इससे पहले कुमार साहिल ने केसरिया तेरा, मैं बारिश की बोली समझता नहीं था, ओ माही वे गीत गाकर वाहवाही लूटी। उन्होंने हाय नी हाय नखरा तेरा नी गाना गाकर तालियां बटोरीं।
भूटान के कलाकारों ने भी लूटी वाहवाही
भूटान के सांस्कृतिक दल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति से शिव-पार्वती महिमा को दर्शाया और श्री गणेश को माता-पिता की स्तुति करते हुए दिखाया। उन्होंने दीपक नृत्य भी पेश किया। एक अन्य प्रस्तुति के जरिए उन्होंने विष्णु भगवान के विभिन्न अवतारों का वर्णन किया। स्कैल्टन डांस ने भी लोगों का मन मोहा। गोगी बैंड के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को बांधे रखा। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र शौरी, डीसी आशुतोष गर्ग और अन्य अधिकारी व गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। देर रात तक दर्शक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में जमे रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here