स्कूल पहुंचने के लिए नन्हें मासूम ने जान जोखिम में डाली... चलती बस की सीढ़ी पर लटका, रोंगटे खड़े कर देगा यह वीडियो

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 04:35 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। पहाड़ों की घुमावदार सड़कों पर दौड़ती हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और उसकी पिछली सीढ़ी पर हवा से बातें करता एक नन्हा बच्चा—यह नजारा किसी फिल्म का स्टंट नहीं, बल्कि मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाती एक रोंगटे खड़े कर देने वाली हकीकत है। स्कूल पहुंचने की बेतहाशा जिद या नासमझी, वजह जो भी हो, लेकिन इस मंजर ने देवभूमि के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

सोशल मीडिया पर खौफ का वीडियो

सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैले इस वीडियो ने हर देखने वाले की सांसें अटका दी हैं। दरअसल, एक राहगीर ने अपने कैमरे में वह लम्हा कैद कर लिया जब एक छोटा बच्चा चलती बस के पीछे लगी लोहे की सीढ़ी पर बिना किसी सहारे के बैठा हुआ था।

बस ऊंचे पहाड़ी रास्तों और तीखे मोड़ों से गुजर रही थी। बच्चे के पास पकड़ने के लिए न तो कोई पुख्ता स्टैंड था और न ही संतुलन बिगड़ने पर बचने का कोई उपाय। एक छोटा सा झटका या बस की अचानक ब्रेक इस मासूम की जान पर भारी पड़ सकती थी।

प्रशासनिक कटघरे में परिवहन विभाग

इस वीडियो के सामने आते ही जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है। नेटिजन्स ने इस जानलेवा लापरवाही के लिए सीधे तौर पर बस स्टाफ और प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों ने सूबे के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को टैग करते हुए मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो ताकि भविष्य में कोई और बच्चा इस तरह मौत के सफर पर न निकले।

"यह सिर्फ एक बच्चे की गलती नहीं, बल्कि हमारी पूरी परिवहन सुरक्षा प्रणाली की विफलता है। आखिर कंडक्टर की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी?" — एक सोशल मीडिया यूजर की टिप्पणी।

विभाग की सफाई: जांच के घेरे में ड्राइवर-कंडक्टर

मामले ने तूल पकड़ा तो जोगिंद्रनगर डिपो के अड्डा प्रभारी विनोद कुमार ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने पुष्टि की कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और यह बस जोगिंद्रनगर-गलमाठा-पद्धर रूट पर चलती है।

बस के चालक और परिचालक को तलब कर उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। विभागीय स्तर पर एक विस्तृत जांच कमेटी बिठा दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News