होटल मालिक के कब्जे से छुड़ाईं 2 महिलाएं, होटल मालिक गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Oct 02, 2023 - 05:38 PM (IST)

इंदौरा/डमटाल (अजीज/कालिया): उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल में पुलिस ने देह व्यापार के अनैतिक धंधे का भंडाफ ोड़ किया है। इसमें पुलिस ने उक्त धंधे में ग्राहकों के समक्ष पेश की जाने वाली 2 पीड़ित महिलाओं को भी होटल मालिक के चंगुल से छुड़ाया है। एस.पी. नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मार्ग पर स्थित होटल व रेस्तरां में वेश्यावृत्ति की अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। जिस पर पुलिस थाना प्रभारी डमटाल कल्याण सिंह को उक्त होटल में दबिश दिए जाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस ने वहां 2 महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया। 63 वर्षीय होटल मालिक जनक राज पुत्र दौलत राम निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के कब्जे से इन 2 महिलाओं को छुड़ाया गया व आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। होटल मालिक द्वारा इन महिलाओं से देह व्यापार करवाया जाता था व ग्राहकों के सामने पेश किया जाता था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कुछ अन्य होटलों में भी इस तरह के अनैतिक कारोबार की सूचना है। वे लोग ऐसा करने से बाज आ जाएं, अन्यथा पुलिस इस दिशा में एक विशेष अभियान चलाने जा रही है।

अब तक छुड़ाईं 6 महिलाएं
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत देह व्यापार में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1 अक्तूबर तक पुलिस द्वारा इस साल अनैतिक दुव्र्यापार निवारण अधिनियम के तहत 4 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें इस अवैध कार्य में संलिप्त 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 6 महिलाओं को छुड़ाया गया है।

रद्द होंगे होटल संचालन लाइसैंस
एस.पी. नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि जो होटल मालिक अब तक इस तरह के अनैतिक कारोबार में संलिप्त पाए गए हैं, उनके होटल संचालन के लाइसैंस रद्द होंगे। इसके लिए प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है और संबंधित विभाग से पत्राचार किया गया है। बता दें कि इंदौरा क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा हुआ क्षेत्र है, बावजूद इसके यहां 12 से 15 वर्ग किलोमीटर में 2 दर्जन से अधिक होटल हैं। ऐसे में बिना बाहरी पर्यटकों के होटल व्यवसाय को चला पाना आसान नहीं है और यहां इस तरह के अनैतिक कारोबार की सूचनाएं पुलिस को मिलती रहती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News