Property Tax से 2 दिन में MC ने कमाए 17 लाख, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

Tuesday, Apr 02, 2019 - 05:49 PM (IST)

शिमला (वंदना): नगर निगम ने वित्त वर्ष 2019-20 के प्रॉपर्टी टैक्स बिल से महज 2 दिनों में 17 लाख रुपए की कमाई कर ली है। शहर के करीबन 500 से अधिक उपभोक्ताओं को एम.सी को टैक्स का भुगतान कर दिया है। निगम ने 1 अप्रैल से ही चालू वित्त वर्ष के संपत्ति कर के बिल जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत अब तक 1200 उपभोक्ताओं को करीबन 2 करोड़ रुपए के बिल जारी कर दिए गए है। खास बात यह है कि नगर निगम उपभोक्ताओं को बिल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान कर रहा है। ऐसे में संपत्ति कर उपभोक्ता भी निगम की इस छूट का हाथों हाथ फायदा उठा रहे हैं। निगम की कर शाखा में बिल जमा करवाने के लिए लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। 

प्रशासन का कहना है कि प्रापर्टी टैक्स बिल का भुगतान लोग घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं। उपभोक्ताओं को बिल लेने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है। वह केवल कर शाखा के दूरभाष नम्बर 2650285 पर फोन कर अपनी ऑनलाइन बिल जनरेट करवा सकते है। इसके तुंरत बाद लोग अपना बिल जमा करवा सकते हैं। निगम प्रशासन ने 30 अप्रैल तक शहर के सभी 28 हजार प्रापर्टी टैक्स उपभोक्ताओं को बिल 18 करोड़ रुपए के बिल जारी करने का लक्ष्य रखा है। संपत्ति कर नगर निगम की आय का मुख्य स्त्रोत हैं, ऐसे में उपभोक्ता समय पर टैक्स का भुगतान करते है तो निगम की आय के संसाधन प्रशस्त होंगे।

1500 डिफाल्टरों को नहीं मिलेगी 10 फीसदी की छूट

नगर निगम को समय पर प्रापर्टी टैक्स भुगतान नहीं करने वाले शहर के करीबन 1500 डिफाल्टरों को 10 फीसदी की विशेष छूट का लाभ नहीं मिलेगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है यह छुट केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगी जिन्होंने पिछले टैक्स की अदायगी समय पर की है। ऐसे में डिफाल्टरों को छूट नहीं दी जाएगी बल्कि बिल पर 5 प्रतिशत का जुर्माना व एक फीसदी की ब्याज वसूल की जाएगी। वित्त वर्ष 2019-20 के प्रापर्टी टैक्स बिल उपभोक्ताओं को जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही लोगों ने टैक्स का भुगतान करना भी शुरू कर दिया है। बिल पर लोगों को 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान की जा रही है।

Ekta