महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर मायका पक्ष का हंगामा, पति गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 15, 2019 - 10:36 PM (IST)

घुमारवीं (कुलवंत): पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले गांव कठलग में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा-306 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में बीती रात पुलिस ने मृतका के पति दिनेश कुमार को राऊंडअप कर लिया था। बताते चलें कि बीते कल दोपहर लगभग 2 बजे रामदेई पत्नी दिनेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। महिला का शव ऊपर की मंजिल में पंखे के साथ लटका हुआ पाया गया था। इस घटना की सूचना मिलते ही घुमारवीं पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। घुमारवीं पुलिस ने विवाहिता के मायके वालों को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया था।

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि बीती रात मृतका के पिता तथा उसका भाई अपनी बेटी के ससुराल आए थे। पुलिस को इस बात का पता नहीं चल रहा था कि आखिर ये लोग किस उद्देश्य से अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे थे क्योंकि पिता व भाई सुबह ही अपने घर लौट गए थे। उसके बाद अचानक उनकी बेटी की आखिर मृत्यु कैसे हो गई। पुलिस मायके वालों का इंतजार करती रही। रात्रि 12 बजे के आसपास मृतका के मायके की तरफ  से लगभग 15 लोग गांव कठलग पहुंच गए। पुलिस ने गांव कठलग में पुलिस बल तैनात करके रखा हुआ था। विवाहिता के मायके वालों ने वहां जमकर हंगामा किया। वहां पर तैनात पुलिस कर्मी मामले की गंभीरता को देखते हुए मायके वालों को समझा-बुझाकर सीधे पुलिस थाना लेकर आ गए, जिससे टकराव की स्थिति टल गई।

पुलिस को दिए बयान में मृतका के पिता मेहत राम पुत्र जिबू राम गांव लोहड़ी डाकघर रायसेन तहसील सदर जिला कुल्लू ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उनकी बेटी की शादी दिनेश कुमार के साथ हुई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि शादी के लगभग 2 वर्ष बाद दिनेश कुमार ने उनकी बेटी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। 13 अक्तूबर को उनकी बेटी का फ ोन आया कि दिनेश कुमार उसके साथ मारपीट कर रहा है, आप लोग जल्द से जल्द उसके ससुराल पहुंच जाओ। बेटी की बात सुनकर मेहत राम तथा उनका बेटा गांव कठलग पहुंचे। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि बेटी के ससुराल वालों ने उनके साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं किया।

उन्होंने बताया कि दामाद को उन्होंने समझाया और उसके बाद सुबह ही अपने घर की ओर रवाना हो गए। दोपहर लगभग 2 बजे दिनेश कुमार का फ ोन आया कि उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी को शारीरिक व मानसिक रूप से तंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक गिरफ्तारी कर ली है। पुलिस तफ्तीश अभी जारी है। इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News