कांगड़ा एयरपोर्ट से मैक्लोडगंज तक HRTC की टैम्पो ट्रैवलर सेवा शुरू, मात्र इतने रुपए में कर सकेंगे सफर
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 07:54 PM (IST)
गग्गल (वीरेंद्र): एचआरटीसी द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए बुधवार को कांगड़ा हवाई अड्डे से धर्मशाला और मैक्लोडगंज के लिए टैम्पो ट्रैवलर सेवा की शुरूआत की गई। एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय विधिवत पूजा करने के बाद एचआरटीसी टैम्पो ट्रैवलर को हरी झंडी दिखाकर धर्मशाला के लिए रवाना किया। इस मौके पर डीएम पंकज चड्ढा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि एचआरटीसी ने कांगड़ा हवाई अड्डे के अधिकारियों से मिलकर इस नई शुरूआत को अंजाम दिया है। यह टैम्पो ट्रैवलर मैक्लोडगंज से कांगड़ा हवाई अड्डे तथा कांगड़ा हवाई अड्डे से धर्मशाला तथा मैक्लोडगंज तक यात्रियों को पहुंचाएगी, जिसका किराया मात्र 100 रुपए निर्धारित किया गया है। अगर यह नई शुरूआत अच्छी रहती है तो भविष्य में आगे एचआरटीसी द्वारा कांगड़ा हवाई अड्डे से और भी रूटों के लिए बसें लगाई जाएंगी।

टैक्सी यूनियन ने जताया विरोध, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
दूसरी ओर कांगड़ा हवाई अड्डा टैक्सी यूनियन द्वारा एचआरटीसी और प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई इस टैम्पो ट्रैवलर का विरोध किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांगड़ा हवाई अड्डा टैक्सी यूनियन के प्रधान कुलजीत राणा ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे पर प्राइवेट टैक्सी ऑप्रेटरों के बूथ टैंडर किए गए हैं, जिसका वह प्रतिवर्ष काफी ज्यादा शुल्क अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर ज्यादा से ज्यादा टैक्सी मालिक वे हैं जिन्होंने कांगड़ा हवाई अड्डा के लिए अपनी जमीनें खोई हैं। इन विस्थापितों तथा प्रभावितों को अब इस तरह सरकार द्वारा तंग किया जाना सही नहीं है। हवाई अड्डा से टैम्पो ट्रैवलर शुरू करना उनके साथ अन्याय करने वाली बात होगी। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार ने टैम्पो ट्रैवलर को बंद नहीं किया तो वे इसके विरोध में उग्र आंदोलन करेंगे।

