Kangra: हरिपुर से डेरा ब्यास के लिए शुरू हुई HRTC की बस सेवा, विधायक कमलेश ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी
punjabkesari.in Sunday, May 25, 2025 - 02:55 PM (IST)

हरिपुर (गगन): हरिपुर से डेरा ब्यास के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित बस सेवा आखिरकार शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और डेरा ब्यास जाने वाली संगत को बड़ी राहत मिली है। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने रविवार को हरिपुर बस अड्डे से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण और डेरा ब्यास से जुड़ी संगत मौजूद रही।
बता दें कि पिछले कई वर्षों से हरिपुर से ब्यास के लिए सीधी बस सेवा की मांग उठ रही थी, जिसे वर्तमान सरकार ने पूरा कर दिया है। इस अवसर पर मौजूद हिमाचल सड़क परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने इसे लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की यह पुरानी मांग आज पूरी हो गई है, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक कमलेश ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह बस सेवा उन लोगों के लिए बहुत मददगार साबित होगी जो नियमित रूप से डेरा ब्यास जाते हैं। उन्होंने बताया कि चूंकि वह स्वयं डेरा ब्यास से जुड़ी हुई हैं, यह उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी खुशी का पल है। उन्होंने याद दिलाया कि चुनावों के दौरान उन्होंने यह वादा किया था जिसे आज पूरा कर दिया गया है। उन्होंने इसे गुरु महाराज की सेवा का एक अवसर बताया। बस सेवा के शुरू होने से डेरा ब्यास से जुड़ी संगत में भारी उत्साह देखा गया। इस मौके पर संगत ने सत्संग का भी आयोजन किया। इस अवसर पर डिविजनल मैनेजर हमीरपुर राजकुमार और डिप्टी डिविजनल मैनेजर देहरा राजेंद्र सिंह पठानिया भी उपस्थित थे।
ये रहेगी समयसारिणी
- बस सुबह 7:00 बजे हरिपुर बस अड्डे से रवाना होगी।
- 7:40 बजे देहरा बस स्टैंड पहुंचेगी।
- 7:45 बजे देहरा से रवाना होगी।
- 10:00 बजे होशियारपुर पहुंचेगी।
- 10:10 बजे होशियारपुर से रवाना हाेगी।
- 11:20 बजे जालंधर पहुंचेगी।
- 11:30 बजे जालंधर से रवाना होगी।
- दोपहर 12:30 बजे ब्यास पहुंचेगी।
ब्यास से हरिपुर वापसी का समय
- बस दोपहर बाद 2:00 बजे ब्यास से रवाना होगी।
- 3:00 बजे जालंधर पहुंचेगी।
- 3:10 बजे जालंधर से रवाना होगी।
- 4:20 बजे होशियारपुर पहुंचेगी।
- 4:25 बजे होशियारपुर से रवाना होगी।
- 6:25 बजे देहरा पहुंचेगी।
- 6:45 बजे देहरा से रवाना होगी।
- शाम 7:30 बजे बस हरिपुर पहुंचेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here