Kangra: मटौर-शिमला फोरलेन पर पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आई बस, यात्रियाें की अटकी सांसें

punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 08:03 PM (IST)

देहरा (राजीव शर्मा): मटौर-शिमला फोरलेन पर सोमवार शाम को रानीताल से थोड़ी दूर बालू ग्लोआ में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार अपने निर्धारित रूट पर जा रही एक निजी बस अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे की चपेट में आ गई। हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे के कारण फोरलेन मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पहाड़ी से पत्थर और मिट्टी गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ पल के लिए स्थिति बेहद भयावह हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस चालक की सूझबूझ से बड़ा नुक्सान टल गया।

हादसे के बाद फोरलेन पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। जेसीबी मशीनों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबा हटाया गया और यातायात दोबारा बहाल किया गया। इस दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि फोरलेन पर बालू ग्लोआ में लैंडस्लाइड की चपेट में एक निजी बस आई थी, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और कुछ समय पश्चात यातायात बहाल कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मटौर-शिमला फोरलेन पर रानीताल टोल प्लाजा से लेकर बालू ग्लोआ तक फोरलेन पर आए दिन पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं हो रही हैं। इससे न सिर्फ यातायात प्रभावित होता है बल्कि यात्रियों की जान भी खतरे में रहती है। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए जाएं और पहाड़ी से मलबा गिरने की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News