Kangra: केंद्र सरकार से हर कदम पर टकराव मोल ले रही सुक्खू सरकार : राजेंद्र राणा

punjabkesari.in Sunday, Aug 24, 2025 - 10:45 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): भाजपा के नवनियुक्त मुख्य प्रवक्ता व सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर कदम पर केंद्र सरकार से टकराव मोल ले रही है। मोदी सरकार हिमाचल को उदार आर्थिक मदद उपलब्ध करवा रही है, लेकिन केंद्र का आभार जताने की बजाय मुख्यमंत्री हर जगह केंद्र से मदद न मिलने का राग अलाप रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदन में आंकड़े पेश कर केंद्र से बीते पौने 3 साल में आपदा राहत के तौर पर लगभग 3500 करोड़ रुपए मिलने की बात कही है, लेकिन मुख्यमंत्री अपने ही मंत्री की बात को झूठा करार दे रहे हैं। इस मुद्दे पर सरकार में ही विरोधाभास की स्थिति है। राणा ने विशेष बातचीत में कहा कि प्रदेश आज दिवालियेपन की कगार पर है। सुक्खू सरकार पौने 3 साल में करीब 40 हजार करोड़ रुपए कर्ज लेने का रिकॉर्ड बना चुकी है, लेकिन यह पैसा कहां खर्च हुआ, इसका जवाब मुख्यमंत्री जनता को दें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का "वोट चोरी अभियान" सरासर झूठा है, जबकि वास्तव में वोट चोरी का सबसे बड़ा उदाहरण खुद सुक्खू सरकार है। राणा ने आरोप लगाया कि सरकार ने बीते साल देहरा उपचुनाव में कथित तौर पर धन-बल का प्रयोग किया। यही नहीं, सुजानपुर उपचुनाव में मुझे हराने के लिए षड्यंत्र रचा गया। हर स्तर पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हुआ। कर्मचारियों व उनके कार्यकर्त्ताओं पर दबाव बनाया गया, प्रलोभन दिए गए। लेकिन झूठ की बुनियाद पर बनी इस सरकार का कच्चा चिट्ठा जनता के सामने आ गया है।

उन्होंने कहा कि सुजानपुर के साथ मुख्यमंत्री जमकर भेदभाव कर रहे हैं। केंद्र द्वारा मंजूर 25 करोड़ रुपए के चाइल्ड केयर यूनिट का काम शुरू नहीं किया जा रहा। बस अड्डे समेत कई बड़े प्रोजैक्ट अधूरे पड़े हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। राजनीतिक विरोधियों व मीडिया कर्मियों पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं। राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस सरकार की झूठी गारंटियों, करप्शन व प्रदेश के वित्तीय संसाधनों की जमकर लूट के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी।

धूमल परिवार से न कोई गिला, न शिकवा
धूमल परिवार से रिश्तों को लेकर राजेंद्र राणा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ वह राजनीति में आए। धूमल परिवार के साथ उनका न तो कोई गिला है, न शिकवा। कांग्रेस में रहने के दौरान भी विचार अलग हुए न कि कोई मनभेद रहा। उन्होंने कहा कि मैं धूमल जी से मार्गदर्शन लेता रहता हूं।

भाजपा में मिल रहा पूरा मान-सम्मान
राणा ने कहा कि वह और उनके 8 साथी भाजपा में आकर पूरी तरह संतुष्ट हैं। हमें कांग्रेस में वापसी के लिए कई प्रलोभन दिए गए, लेकिन हम नहीं डिगे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने हम सभी पर पूरा भरोसा जताया है। संगठन में ब्लॉक अध्यक्ष व कार्यकारिणी हमारी सहमति से बनी है। पार्टी आलाकमान ने जो भी भूमिका दी है व आगे देगी, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास होगा।

कांग्रेस के भीतर गुटबाजी से बिखरा संगठन
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि बीते 9 माह से कांग्रेस का संगठन पूरी तरह बिखर चुका है। कांग्रेस हॉलीलाॅज व मुख्यमंत्री सुक्खू के गुटों में बंट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू गुट द्वारा हॉलीलाॅज समर्थकों को नीचा दिखाया जा रहा है। कई मंत्री व विधायक इस सरकार में घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्हें स्वतंत्र रूप से काम तक नहीं करने दिया जा रहा है। ऐसे में भाजपा पर टिप्पणियां करने की बजाय कांग्रेस नेता अपनी पार्टी की चिंता करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News