HPU चौक पर भगत सिंह की जगह स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लगाने की तैयारी में MC

Friday, Jan 25, 2019 - 12:10 PM (IST)

शिमला (वंदना): प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में समरहिल चौक पर भाजपा शासित नगर निगम शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जगह स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लगाने की तैयारी में है जबकि इसी चौक पर पूर्व नगर निगम हाऊस ने भगत सिंह की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पास किया था। यही नहीं इसके लिए बाकायदा 9.53 लाख रुपए के बजट का प्रावधान भी कर लिया गया था लेकिन इसे बनाने से पहले ही अब भाजपा शासित नगर निगम के पूर्व सदन के फैसले को पलटने के लिए समरहिल चौक पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव सदन में लाने की तैयारी कर चुकी है। पूर्व सदन के फैसलों को पलटने को लेकर नगर निगम प्रशासन विवादों में फंस सकता है। 

हैरानी इस बात की है कि जिस जगह पर एम.सी. हाऊस ने पहले भगत सिंह की प्रतिमा लगाने को हरी झंडी दी थी, अब उसी हाऊस के फैसले को बदलने की भाजपा शासित निगम ने तैयारी कर ली है। सूत्रों की मानें तो एम.सी. के 30 जनवरी को होने वाले हाऊस में इस प्रस्ताव को सैप्लीमैंटरी एजैंडे के तौर पर पेश किया जाएगा। यानी इस प्रस्ताव को पहले एजैंडे में इसलिए शामिल नहीं किया जाएगा ताकि इस पर किसी भी तरह का बवाल खड़ा न हो सके। भाजपा भले ही गुपचुप तरीके से इसे हाऊस में लाने की कोशिश कर रही हो लेकिन इस प्रस्ताव का अभी से जोरदार विरोध होना शुरू हो गया है।
 

Ekta