Shimla News: HPU ने घोषित किया BA Final Year का रिजल्ट, मैरिट लिस्ट में बेटियों का दबदबा; रामपुर कॉलेज की छात्रा नमिता बनी स्टेट टॉपर

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 07:08 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने बीए अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। बीए की मैरिट सूची में 7 लड़कियां व 5 लड़के शामिल हैं। बीए अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम 95.59 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में कुल 13712 विद्यार्थी बैठे थे, जिसमें से 11817 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। पास प्रतिशतता में कम्पार्टमैंट के मामले भी शामिल हैं। वीरवार को घोषित किया गया यह परीक्षा परिणाम रिकॉर्ड 1 माह के भीतर घोषित किया गया है।

बीए की मैरिट सूची में जीबी पंत मैमोरियल राजकीय डिग्री कॉलेज रामपुर बुशहर की छात्रा नमिता ने 9.33 सीजीपीए प्राप्त कर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया। सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कॉलेज नादौन के लेखराज ने 9.01 सीजीपीए प्राप्त कर दूसरा, स्वामी विवेकानंद राजकीय डिग्री कॉलेज घुमारवीं की रितिका ने 8.98 सीजीपीए प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा ढलियारा कॉलेज के शिवानंद ने 8.98 सीजीपीए प्राप्त का चौथा, संजौली कॉलेज शिमला की तमन्ना ने 8.95 सीजीपीए प्राप्त कर 5वां स्थान हासिल किया। डिग्री कॉलेज नाहन के सत्यम ने 8.88 सीजीपीए प्राप्त कर 6वां स्थान, पंडित संत राम राजकीय डिग्री कॉलेज बैजनाथ की प्रियंका ने 8.86 सीजीपीए प्राप्त कर 7वां, राजा वीरभद्र सिंह राजकीय कॉलेज सीमा की अदिति ने 8.85 सीजीपीए प्राप्त कर 8वां, डिग्री कॉलेज धर्मशाला की सोनिया थापा ने 8.76 सीजीपीए प्राप्त कर 9वां स्थान हासिल किया। 10वें स्थान पर 3 विद्यार्थी रहे। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय कॉलेज सीमा के निशांत, राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर की अर्पिता व डिग्री कॉलेज चम्बा के रोहित कुमार ने 8.75 सीजीपीए प्राप्त कर प्रदेश भर में 10वां स्थान हासिल किया। 

अप्रैल व मई माह में आयोजित हुईं थीं परीक्षाएं
ये परीक्षाएं बीते अप्रैल व मई माह में आयोजित हुई थी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा में बैठे उम्मीदवार अपने लॉग इन आईडी के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड 1 माह के भीतर यह परिणाम घोषित करने में सफलता हासिल की है।

आईएएस बनकर देश की सेवा करना है सपना : नमिता
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीए की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रामपुर कॉलेज की छात्रा नमिता का सपना आईएएस बनकर देश की सेवा करना है। नमिता ने अपनी सफलता का श्रेय प्राध्यापकों में मोहन नेगी, हेमलता सहित अन्य प्राध्यापकों को दिया है। छात्रा के पिता बुद्धराम प्रदेश राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर कार्यरत है। वहीं माता कला देवी गृहणी हैं। छात्रा का मुख्य विषय राजनीति शास्त्र है। छात्रा की मैट्रिक की परीक्षा कॉओबील के गांव से की है। जमा दो की परीक्षा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचोली से की है। छात्रा रामपुर के दुर्गम क्षेत्र पंद्रहबीश के गांव धारला डाकघर गानवी, तहसील रामपुर बुशहर की निवासी हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News