Hamirpur News: राज्य चयन आयोग ने घोषित किया हिंदी टीचर और लैब असिस्टैंट का रिजल्ट, ऐसे करें चेक
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 07:44 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। हमीरपुर स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने वीरवार को दो प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा हिंदी टीचर्स और लैब असिस्टैंट के पदों के लिए आयोजित की गई कम्प्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है।
राज्य चयन आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग में हिंदी टीचर्स (पोस्ट कोड 26026) की भर्ती के लिए विभिन्न श्रेणियों के कुल 151 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही थी। इन पदों के लिए आयोग ने कम्प्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की थी, जिसका परिणाम वीरवार को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। हिंदी टीचर्स के साथ-साथ आयोग ने लैब असिस्टैंट (जीव विज्ञान एवं सीरोलॉजी) - पोस्ट कोड 25018 का परीक्षा परिणाम भी जारी किया है। बता दें कि इस पद को भरने के लिए निदेशक फोरैंसिक सेवा की ओर से अनुरोध प्राप्त हुआ था। लैब असिस्टैंट का यह 1 पद ओबीसी (अनारक्षित) वर्ग के लिए आरक्षित था। इस पद के लिए आयोग ने 15 जून को परीक्षा आयोजित की थी, जिसका परिणाम अब घोषित कर दिया गया है।
मैरिट के आधार पर तैयार हुआ रिजल्ट, वैबसाइट पर लिस्ट उपलब्ध
राज्य चयन आयोग हमीरपुर के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने इन दोनों परिणामों के घोषित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हिंदी टीचर्स और लैब असिस्टैंट दोनों ही पोस्ट कोड का परीक्षा परिणाम पूरी तरह से योग्यता के आधार पर तैयार किया गया है। डॉ. महाजन ने कहा कि उम्मीदवार अपना परीक्षा परिणाम और इससे जुड़ी अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारियां राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर चैक कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

