हिमाचल में हादसे का शिकार हुईं 2 बसें, जयराम सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में लिए बड़े फैसले, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 29, 2022 - 07:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में एचआरटीसी सहित 2 बसें हादसे का शिकार हो गईं। दोनों हादसों में करीब 25 लोग घायल हुए हैं। शिमला में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया। निरमंड के चनाईगाड गांव में बादल फटने भारी तबाही हुई है। भाजपा में 4 नेताओं की वापसी हुई है। वहीं सुन्नी के बसंतपुर में एक चलती गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

निरमंड के चनाईगाड गांव में बादल फटने से भारी तबाही
निरमंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागा सराहन के चनाईगाड गांव में गुरुवार को अचानक बादल फटने से गांव में भारी तबाही मची है। लोग अपनी व अपने परिवार तथा मवेशियों की जान बचाने के लिए इधर-उंधर भागे। इस घटना में गांव के 14 मकानों में रह रहे 22 परिवारों के करीब 75 लोग प्रभावित हुए हैं। इस घटना की सूचना स्थानीय पंचायत के प्रधान प्रेम ठाकुर ने पुलिस प्रशासन को दी।

पूर्व सीपीएस उर्मिल ठाकुर व चेतन बरागटा सहित 4 नेताओं की भाजपा में वापसी
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने यू-टर्न लेते हुए बागियों की घर वापसी के लिए पार्टी के दरवाजे खोल दिए हैं। इसी कड़ी के तहत वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. जगदेव ठाकुर की पुत्रवधु उर्मिल ठाकुर की कांग्रेस से पार्टी में वापसी हुई है। वह 2 बार वर्ष 1998 व 2007 में विधायक रहने के अलावा प्रो. प्रेम कुमार धूमल सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। 

सुन्नी के बसंतपुर में चलती गाड़ी पर पहाड़ी से गिरा पत्थर
हिमाचल में बरसात के दौरान सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। वीरवार को सुन्नी के बसंतपुर नजदीक देवीधार में एक चलती गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। हादसे में एक युवककी मौत हो गई है जबकि 3 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया है।

पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा एनएच पर पहाड़ी से टकराई निजी बस
पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर एक निजी बस पहाड़ी से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त गई। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक निजी बस शिव ट्रैवल्स (एचपी 17सी-7015) वीरवार सुबह करीब 11 बजे शिलाई से रोनहाट की तरफ जा रही थी। बस जब  राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर धारवा के समीप पहुंची तो अचानक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

हिमाचल में मास्क पहनना फिर हुआ जरूरी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे कोविड के मामलों को देखते हुए लोगों से मास्क लगाने का आग्रह किया गया है, साथ ही केंद्र की एडवाइजरी जारी रखने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने आग्रह किया कि जहां ज्यादा भीड़ है, वहां लोग मास्क लगाकर जाएं, वहीं शिक्षण संस्थानों में भी मास्क लगाने को कहा गया है। 

कोटखाई में HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त
राजधानी शिमला के हीरानगर में बस हादसे के दूसरे दिन तहसील कोटखाई में एचआरटीसी बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार परिवहन निगम की बस (एचपी 03-6053) देवगढ़ जरई से ठियोग की ओर जा रही थी कि सुबह करीब 8 बजे बयौण के पास बस हादसे का शिकार हो गई और सड़क मार्ग से करीब 50 मीटर नीचे 3 पलटे खाने के बाद साथ लगते सेब के बगीचे मे जाकर रुकी

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन सहित 9 लोगाें पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन जगदीश सिपहिया सहित 9 अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला स्पैशल इन्वैस्टीगेशन यूनिट (एसआईयू) की जांच पड़ताल के बाद विजीलैंस पुलिस थाना धर्मशाला में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार विजीलैंस पुलिस थाना धर्मशाला में केसीसी बैंक के पूर्व चेयरमैन जगदीश सिपहिया, वाइस चेयरमैन, बीओडी केसीसीबी के सदस्यों सहित कुल 9 लोगों पर धारा 420, 120बी और 13(1) डी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

कसोल के पास जैल नाले में आई बाढ़ ने मचाई तबाही
कसोल के पास जैल नाले में बाढ़ आने के कारण भुंतर-मणिकर्ण रोड करीब 7 घंटे से भी अधिक समय तक बंद रहा। लोगों और पर्यटकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सब्जी मंडी को जाने वाले माल वाहक वाहन भी फंसे रहे। सेब, नाशपाती व अन्य फल सब्जियों के वाहन समय पर सब्जी मंडी नहीं पहुंच सके। वीरवार तड़के से सड़क बंद रहने के बाद इसे 11 बजे तक सिर्फ एक तरफा वाहनों के लिए बहाल किया जा सका।

वोल्वो बस में सवार हरियाणा के युवक से पकड़ी चिट्टे की खेप
कुल्लू पुलिस की एक टीम ने बजौरा में नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस में सवार हरियाणा निवासी युवक को चिट्टे की खेप के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने युवक के कब्जे से 64 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने बजौर में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक वोल्वो बस को चैकिंग के लिए रोका गया।

नूरपुर होगा प्रदेश का 14वां पुलिस जिला, होमगार्ड के रैंक भत्ते में बढ़ौतरी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कांगड़ा जिले के नूरपुर को नए पुलिस जिला बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 39 पद सृजित कर भरे जाएंगे। बता दें कि नूरपुर प्रदेश का 14वां पुलिस जिला होगा। मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के औट पुलिस थाने के तहत गाड़गुशैणी में नई पुलिस चौकी खोलने को स्वीकृति प्रदान की। इसके संचालन के लिए 6 पद सृजित कर भरने की स्वीकृति प्रदान की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News