बारामती विमान हादसा: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर हिमाचल के सीएम-डिप्टी सीएम ने जताया गहरा दुख

punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 12:34 PM (IST)

शिमला: महाराष्ट्र के बारामती में हुई विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन की खबर से हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस ह्रदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और इसे देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।

सीएम सुक्खू बोले-देश ने खोया एक दूरदर्शी नेता
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध करने वाला बताया। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अजित पवार ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा समाज कल्याण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन, किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। उनकी प्रशासनिक पकड़ और नेतृत्व क्षमता ने जनहित के कई बड़े फैसलों को दिशा दी थी, और उनका असमय जाना सार्वजनिक जीवन में एक बड़ा शून्य छोड़ गया है।

उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने बताया राष्ट्र के लिए गहरा आघात
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बारामती में हुए इस विमान हादसे पर गहरा दुख जताते हुए इसे पूरे राष्ट्र के लिए गहरा आघात करार दिया। उन्होंने कहा कि अजित पवार सहित 6 लोगों के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह न केवल उनके परिवार और समर्थकों के लिए, बल्कि देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति जताई संवेदना
दोनों वरिष्ठ नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों, सहयोगियों और अजित पवार के समर्थकों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की है। हिमाचल सरकार ने इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News