HP Budget Session : स्वास्थ्य मंत्री बोले-डैंटल सर्जन के पूर्ण औचित्य का परीक्षण करने के बाद भरे जाएंगे 104 पद

punjabkesari.in Tuesday, Mar 14, 2023 - 05:42 PM (IST)

शिमला (संतोष कुमार):  हिमाचल में डैंटल सर्जन के 104 पदों के पिछली सरकार के समय किए गए सृजन पर वर्तमान प्रदेश सरकार जहां पूर्ण औचित्य का परीक्षण करेगी, वहीं नए पदों के सृजन के लिए भी समीक्षा करेगी। यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सदन के पटल पर रखी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा 14 अक्तूबर, 2022 की अधिसूचना के तहत 104 डैंटल सर्जन के पदों का सृजन किया गया था और वर्तमान सरकार ने पहली अप्रैल, 2022 के बाद सभी नए पदों की समीक्षा करने का निर्णय लिया है तथा इन पदों का सृजन/भरने से संबंधित पूर्ण औचित्य का परीक्षण करने के उपरांत ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंत चिकित्सक के 12 पद रिक्त हैं, जिनमें से 10 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है और इन पदों को जल्द ही भर दिया जाएगा। 

आयुर्वैदिक अस्पताल सरार के भवन का काम 31 मार्च तक होगा पूर्ण
चम्बा जिले के डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आयुर्वैदिक स्वास्थ्य केंद्र सरार के भवन का कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। यह जानकारी उद्योग, आयुष एवं संसदीय मामले मंत्री ने डल्हौजी के विधायक डीएस ठाकुर द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में दी। मंत्री ने बताया कि आयुर्वैदिक स्वास्थ्य केंद्र सरार के भवन का निर्माण पिछड़ा क्षेत्र उप-योजना के तहत लोक निर्माण विभाग सलूणी के माध्यम से किया जा रहा है। इस भवन का कार्य 31 मार्च तक पूर्ण होने की संभावना है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News