Himachal: फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान पोकलेन मशीन पर गिरा मकान, और फिर...

punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 03:02 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। कांगड़ा जिले के शाहपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक घर का हिस्सा अचानक पोकलेन मशीन पर गिर गया। यह घटना शाहपुर के चीलगाड़ी इलाके में हुई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

बताया जा रहा है कि पठानकोट-मंडी नेशनल फोरलेन के निर्माण के चलते यह घर पहले ही खाली कर दिया गया था। शनिवार की सुबह पोकलेन मशीन इस घर के पास खुदाई का काम कर रही थी, तभी अचानक घर का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और सीधे मशीन पर जा गिरा। पोकलेन मशीन का ड्राइवर, जिसकी पहचान रोहित के रूप में हुई है, ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से समय रहते मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद, दूसरी पोकलेन मशीन को तुरंत बुलाया गया ताकि गिरी हुई पोकलेन मशीन पर से मलबा हटाया जा सके। इस घटना से आसपास के अन्य घरों को भी खतरा पैदा हो गया है, क्योंकि फोरलेन निर्माण के चलते खुदाई से जमीन कमजोर हो रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो साल से चल रहे पठानकोट-मंडी नेशनल फोरलेन के काम के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ हफ्तों पहले भी शाहपुर बाजार में फोरलेन निर्माण के दौरान एक घर के पास खुदाई की गई थी, लेकिन तब समय रहते नाली को भरकर स्थिति को संभाल लिया गया था। इस घटना ने एक बार फिर से निर्माण कार्य की सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News