कांगड़ा में बारिश का कहर: मकान और पशुशालाएं ढही, सड़कें बंद, कई परिवार बेघर
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 02:26 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में भारी बारिश ने कहर बरपाया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई मकान और पशुशालाएं गिर गई हैं, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज़्यादा असर उपमंडल कांगड़ा में देखने को मिला है।
पालमपुर के थुरल क्षेत्र के गुज़रेड़ा गाँव में लगभग 14 परिवार इस आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। सड़कें टूट गई हैं और भूस्खलन के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित लोगों तक राशन, टेंट, दवाएं और अन्य ज़रूरी सामान पहुंचाकर राहत कार्य शुरू कर दिया है। पूर्व बीडीसी सदस्य कैप्टन संसार चंद और कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
विभिन्न पंचायतों में भारी तबाही
नगरोटा बगवां के तहत बड़ोह तहसील की सद्दूं पंचायत में सोमवार रात राम चंद का मकान ढह गया। पंचायत प्रधान अर्चना कुमारी और एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष बलविंद्र सिंह बबलू ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद परिवार को एक स्कूल भवन में सुरक्षित शिफ्ट किया गया। इसी तरह, टीका खज्जी में भी एक मकान गिरने की खबर है, जिसके पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों के घर में शरण ली है।
बग गुलेहड़ पंचायत के टीका भाटी में भी स्लेटपोश मकान और पशुशाला को भारी नुकसान पहुंचा है। वार्ड पंच सुशील कुमार ने बताया कि अशोक कुमार की पशुशाला और भूपिंदर सिंह के स्लेटपोश मकान को डंगा गिरने से नुकसान हुआ है।
शाहपुर में दुरगेला के रहने वाले सुभाष चंद का एकमात्र कमरा ढह गया, जिससे उन्हें मजबूरन एक दुकान के बरामदे में रात गुजारनी पड़ रही है। रोटरी क्लब शाहपुर ने पंचायत के साथ मिलकर जल्द ही उनके लिए एक नया कमरा बनवाने का फैसला किया है। उन्होंने इस नेक काम के लिए लोगों से दान की अपील भी की है।
कांगड़ा की खोली पंचायत में सबसे ज़्यादा नुकसान
विकास खंड कांगड़ा की खोली पंचायत सबसे ज़्यादा प्रभावित हुई है, जहां आठ मकान और पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। पंचायत प्रधान केवल चौधरी ने बताया कि अनिल कुमार, सुरेश, संजय धीमान, सुरेश सैनी, सुभो देवी और निशू कुमार के कच्चे मकानों के साथ-साथ टिंकू की रसोई और मिल्खी राम की पशुशाला को नुकसान पहुंचा है।
नंदरूल पंचायत और जमानाबाद में भी दो-दो कच्चे मकान और पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा, नगर परिषद कांगड़ा के वार्ड नौ में सीमा देवी की पशुशाला भी गिर गई। कुल्थी पंचायत के वार्ड छह में कमला देवी की पशुशाला भी गिर गई है।
भवारना के तहत काहनफट पंचायत के सिंबल लाहड़ गांव में रमेश चंद के कच्चे मकान के दो कमरे ढह गए। उनका परिवार बीपीएल श्रेणी में आता है और प्रशासन ने उन्हें 10,000 रुपये की तत्काल राहत दी है।