हिमाचल में पंजाब के टूरिस्टों की गुंडागर्दी! स्थानीय लोगों से विवाद में लहराईं तलवारें, 2 हुए घायल

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 01:55 PM (IST)

कुल्लू: देवभूमि हिमाचल में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा हथियार लहराने और गुंडागर्दी करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुल्लू जिले के बंजार इलाके से एक मामला सामने आया है। यहां पंजाब के लुधियाना से आए पर्यटकों ने न केवल एक राहगीर को टक्कर मारी, बल्कि विरोध करने पर सरेआम तलवारें निकालकर स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति काे हाथ और दूसरे व्यक्ति को गाल पर गहरी चोट आई है।

यह पूरी घटना 10 मई की शाम की है। लुधियाना के खन्ना इलाके के रहने वाले मंदीप सिंह, प्रदीप सिंह, जश्नप्रीत और प्रीतपाल अपनी गाड़ी से बंजार पहुंचे थे। यहां उनकी गाड़ी से एक व्यक्ति को टक्कर लग गई। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो बात बहस से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच दो पर्यटकों ने गाड़ी से तलवारें निकाल लीं और स्थानीय लोगों  पर  हमला कर दिया।

वारदात के बाद बंजार और सैंज इलाके में माहौल भारी तनावपूर्ण हो गया। पुलिस चारों आरोपितों को सैंज थाने ले आई, जिसके पीछे-पीछे सैंकड़ों ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। 11 मई की सुबह 4 बजे तक थाने में पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस होती रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि पुलिस आरोपितों को वीआईपी ट्रीटमैंट दे रही थी, थाने में उनके फोन तक नहीं लिए गए। आरोपित चिट्टे के नशे में थे, लेकिन बचाने के लिए उनका मेडिकल नहीं कराया गया। आरोपितों की तरफ से 5 लाख रुपए की पेशकश की गई, जिसके बाद पुलिस ने रिश्वत लेकर उन्हें छोड़ दिया।

घटना को 3 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल फुटेज में एक युवक खुलेआम तलवार लहराता दिख रहा है, वहीं पर्यटकों की गाड़ी के अंदर भी हथियार रखे हुए नजर आ रहे हैं। लोग अब हिमाचल में तलवारें और हथियार लेकर आने वाले पर्यटकों की एंट्री पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस ने दी सफाई, कहा-नियमों के तहत हुई कार्रवाई
रिश्वत और आरोपियों को छोड़ने के आरोपों पर सैंज थाने के जांच अधिकारी किशोरी लाल ने बताया कि पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए चारों को हिरासत में लिया था। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 115(2), 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनका मेडिकल भी हुआ है और मौके से तलवारें भी बरामद कर ली गई हैं। कानूनी प्रावधानों के तहत उन्हें जमानती बॉन्ड पर रिहा किया गया है। वहीं, एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने स्पष्ट किया है कि पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। कानून अपने हिसाब से काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News