Himachal: हिमकेयर कार्ड बनाने और रिन्यूअल के लिए 1 दिसम्बर से खुलेगा पोर्टल, जानें किस वर्ग को देना होगा कितना शुल्क

punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 06:15 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना के तहत नए कार्ड बनवाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण का इंतजार कर रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य में आगामी 1 दिसम्बर से हिमकेयर पोर्टल खुलने जा रहा है। पात्र लोग 31 दिसम्बर तक नए कार्ड बनवाने के साथ-साथ अपने पुराने कार्ड की वैधता समाप्त होने पर उसका नवीनीकरण करवा सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लाभार्थियों को अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। राज्य नोडल अधिकारी देविंद्र कुमार ने बताया कि 1 दिसम्बर से पोर्टल खुलने पर नए कार्ड बनाने और नवीनीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे योजना से वंचित लोगों को लाभ मिलेगा।

साल में केवल 4 महीने खुलता है पोर्टल, इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
नए नियमों के तहत अब हिमकेयर योजना में आवेदन और नवीनीकरण की सुविधा साल में केवल 4 महीने मार्च, जून, सितम्बर और दिसम्बर में ही मिलती है। इसलिए 31 दिसम्बर को पोर्टल बंद होने के बाद वंचित रह गए लोगों को अगली तिमाही यानी मार्च तक इंतजार करना होगा। पात्र आवेदक लोकमित्र केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, साइबर कैफे या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय लाभार्थी को आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर, लिखित वचन और अपनी श्रेणी का प्रमाण पत्र अपलोड कर निर्धारित प्रीमियम जमा करना होगा।

इन वर्गों का मुफ्त बनेगा कार्ड, जानें किस श्रेणी को देना होगा कितना प्रीमियम
सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग प्रीमियम दरें तय की गई हैं। बीपीएल परिवारों, मनरेगा कामगारों और पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए प्रीमियम शून्य है, अर्थात इनका कार्ड मुफ्त बनेगा। वहीं एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, दैनिक भोगी, संविदा, अंशकालिक (पार्ट टाइम) व आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए 365 रुपए प्रीमियम तय किया गया है। इसके अलावा अन्य पात्र वर्ग जो सरकारी कर्मचारी, पेंशनर्स या उनके आश्रित न हों, के लिए 1,000 रुपए का प्रीमियम निर्धारित किया गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News