Himachal: कई लॉज व होटलों के बंद कैबिनों में आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां, प्रशासन सख्त
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 03:14 PM (IST)
नादौन, (जैन)। नादौन क्षेत्र में कानून व्यवस्था स्वच्छता एवं जन सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा व्यापक संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में उपमंडलाधिकारी नादौन निशांत शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक निर्मल सिंह, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद रमन शर्मा, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक नीना कुमारी, जे.ई. अंशुल, स्वच्छता प्रभारी अक्षित सोनी व व्यापार मंडलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह सहित पुलिस टीम व अन्य विभागीय अधिकारी शामिल रहे। वहीं यह कार्रवाई दोपहर बाद तक जारी रही।
इस अभियान के दौरान मुख्य बाजार क्षेत्र, ढाबा, होटल, रैस्टोरैंट, लॉज, होम स्टे, मंदिर परिसर तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष जांच की गई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानक, लाइसैंस पंजीकरण, एक्सपायरी तिथि, अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य आवश्यक प्रावधानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, वहीं जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें मौके पर ही सुधारात्मक निर्देश जारी किए गए तथा नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान फूड सेफ्टी टीम ने विशेष रूप से खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित किया।
इस अवसर पर एस.डी.एम. निशांत शर्मा ने सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी होटल या होम स्टे में बिना एंट्री कोई पकड़ा गया या किसी भी फूड कैफे या फूड कॉर्नर में बिना अनुमति कैबिन बनाए गए तो ऐसे व्यवसायियों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ एवं संस्कारित समाज का निर्माण करना है। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें और उन्हें नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करें। समाज में अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
तंबाकू बिक्री पर सख्ती
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी गई। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचना दंडनीय अपराध है और भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
होटल व लॉज में अनियमितताओं पर कड़ा संज्ञान
इस निरीक्षण के दौरान कुछ होटल व लॉज में नियमों की अवहेलना तथा संदिग्ध परिस्थितियां भी पाई गईं। कुछ स्थानों पर बने बंद कैबिनों में युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने पर प्रशासन ने संज्ञान लिया। इनमें से ज्यादातर नाबालिग निकले जिस पर इन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
इस अवसर पर संबंधित होटल एवं लॉज मालिकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि ऐसी किसी भी गतिविधि के लिए वे प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे और भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी होटल व लॉज संचालकों को आगंतुकों का विधिवत रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है।
नियमित पैट्रोलिंग जारी
नादौन थाना प्रभारी निरीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नियमित पैट्रोलिंग एवं निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि त्यौहारों एवं विशेष अवसरों पर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें।

