Himachal: नेकी करने की मिली सजा! प्रवासी मजदूरों का झगड़ा शांत करवाने गए बुजुर्ग के साथ हुआ ये खौफनाक कांड

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 01:26 PM (IST)

हमीरपुर (अजय चौहान): सदर थाना हमीरपुर के तहत बडू (मौहीं) क्षेत्र में दो प्रवासी मजदूरों का झगड़ा शांत करवाना एक स्थानीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया। शराब के नशे में धुत्त एक मजदूर ने बीच-बचाव कर रहे 68 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस खूनी संघर्ष से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। बडू (मौहीं) क्षेत्र में दो प्रवासी मजदूर शराब के नशे में धुत्त होकर किसी बात पर आपस में उलझ गए और हाथापाई पर उतर आए। इसी दौरान सुभाष नगर बडू (मौहीं) निवासी 68 वर्षीय किशोरी लाल ने वहां पहुंचकर दोनों का बीच-बचाव कर उन्हें शांत करवाने का प्रयास किया। उन्हें शांत करवाने की यह कोशिश उस वक्त भारी पड़ गई, जब एक प्रवासी मजदूर गुस्से में तमतमाता हुआ रसोई में गया और वहां से चाकू लाकर किशोरी लाल पर हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में किशोरी लाल के सिर और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस तुरंत हरकत में आई और शनिवार रात को ही हमलावर को धर दबोचा। आरोपी की पहचान बुधन मुखिया (निवासी बिहार) के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार दोपहर को एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घटनाक्रम से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए। मामले की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुधन मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस ने नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया है और घटना की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay