Himachal: मंडी के कटौला में दरका पहाड़...30 फुट उछला नाले का पानी, जानें अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 11:20 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मंडी में जहां पहाड़ दरकने से खौफनाक मंजर देखने को मिला, वहीं कांगड़ा और हमीरपुर में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस मानसून सीजन में राज्य को अब तक 1,121 करोड़ रुपए से अधिक का भारी नुक्सान हो चुका है।
शनिवार को सबसे भयावह घटना मंडी जिला के कटौला स्थित नागनाला में सामने आई। यहां अचानक एक बड़ा पहाड़ दरक गया, जिसके कारण मलबा सीधे नाले में जा गिरा। मलबे के दबाव से नाले का पानी करीब 30 फुट ऊपर तक उछला, जिसे देखकर स्थानीय लोग सहम गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस खौफनाक प्राकृतिक घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुक्सान नहीं हुआ है। दूसरी ओर, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। हमीरपुर के सुजानपुर बाजार में हालात इतने बिगड़ गए कि बारिश का पानी सीधे लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया। अचानक हुए इस जलभराव के कारण व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी व नुक्सान का सामना करना पड़ा है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में जन सुविधाएं चरमरा गई हैं। वर्तमान में राज्य की 98 सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह बंद हैं। इसके अलावा 89 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हैं और 42 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली-पानी का संकट गहरा गया है।
इस मानसून सीजन में प्राकृतिक आपदाओं के कारण सरकारी खजाने को भारी चपत लगी है। राज्य को अब तक करीब 1,121 करोड़ रुपए का आर्थिक नुक्सान हो चुका है। इसमें सबसे ज्यादा मार लोक निर्माण विभाग पर पड़ी है, जिसकी सड़कों और पुलों को 836 करोड़ रुपए की भारी क्षति पहुंची है। इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट ने प्रदेशवासियों को थोड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 से 28 अगस्त तक राज्य में मानसून की सक्रियता कमजोर रहेगी। अगले 6 दिनों तक प्रदेश के कुछ ही हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

