हिमाचल में फिर करवट लेगा मौसम, इस दिन से हिमपात और बारिश की संभावना; गरज, बिजली के साथ चलेंगी तेज हवाएं

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 01:52 PM (IST)

Himachal Weather : हिमाचल में भीषण गर्मी के बीच मौसम जल्द करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के मैदानी जिलों में जहां अगले 48 घंटों के दौरान भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा, वहीं 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात और व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को राज्य के तीन जिलों ऊना, बिलासपुर और सोलन में लू चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है। वहीं, गर्मी के बीच 11 जून से मौसम करवट ले सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में 11 जून से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है, जिससे तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 13 जून और 14 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

सबसे गर्म स्थान रहा ऊना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली की लाइनें और संचार प्रणाली (कम्युनिकेशन सिस्टम) अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं। बता दें कि पिछले 24 घंटों में कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ा है, जिसमें ऊना 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म दर्ज किया गया। वहीं, जनजातीय क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News