सरकारी अस्पतालों में 213.75 करोड़ का बड़ा निवेश, मंत्री विक्रमादित्य सिंह काे लंदन में मिलेगा अवार्ड, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Monday, Nov 03, 2025 - 12:09 AM (IST)
हिमाचल डैस्क: राज्य में एक बार फिर से मौसम बिगड़ेगा। इस वर्ष मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा में लापता हुए लोगों के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 7 वर्ष का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हिमाचल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं यकीनी बनाने के लिए वर्षों पुराने सिस्टम को बदलने में जुटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। चंबा जिले में राजनीतिक गलियारों में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती ने चुराह से बीजेपी विधायक डॉ. हंस राज पर संगीन आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी किया। ज्वालामुखी उपमंडल के भड़ोली के समीप एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसके चलते स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान 33 केवी की हाई-टैंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। एसआईयू और थाना सदर ऊना की टीम ने एक संयुक्त अभियान में शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम, गरज के साथ बिजली गिरने व बारिश-बर्फबारी का यैलो अलर्ट
हिमाचल में एक बार फिर से मौसम बिगड़ेगा। 4 नवम्बर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा और ऐसे में 4 व 5 नवम्बर को एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की संभावनाओं के साथ बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं हैं और इसके लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्राकृतिक आपदाओं में लापता लोगों के परिजनों को जल्द मिलेंगे मृत्यु प्रमाण पत्र, गृह मंत्रालय ने जारी किए निर्देश
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा में लापता हुए लोगों के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 7 वर्ष का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्हें जल्द ही मृत्यु प्रमाण पत्र मिलेंगे। आपदा में लापता लोगों के मृत्य के पंजीकरण के लिए वर्ष 2023 के दिशा-निर्देश लागू होंगे।
हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में 213.75 करोड़ का बड़ा निवेश, बदली जाएंगी वर्षों पुरानी जांच मशीनें
हिमाचल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं यकीनी बनाने के लिए वर्षों पुराने सिस्टम को बदलने में जुटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सरकारी अस्पतालों में डायग्नोस्टिक (जांच) सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उनकी सरकार 213.75 करोड़ रुपए का निवेश कर रही है।
लंदन में सम्मानित होंगे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मिलेगा 'यूथ एंड आइकॉन' अवार्ड
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। उन्हें 12 दिसम्बर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद परिसर में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन द्वारा प्रतिष्ठित 'यूथ एंड आइकॉन' अवार्ड से नवाजा जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें युवा नेतृत्व, बौद्धिक राजनीति और प्रदेश में आपदा के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए दिया जा रहा है।
हिमाचल के इस विधायक पर युवती ने लगाए गंभीर आराेप, लाइव आकर मांगी मदद
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में राजनीतिक गलियारों में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती ने चुराह से बीजेपी विधायक डॉ. हंस राज पर संगीन आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी किया।
भयानक हादसा: घर से सामान खरीदने निकला था युवक, तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बिछा दी लाश
नादौन-कांगड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम को सड़क हादसा हो गया। ज्वालामुखी उपमंडल के भड़ोली के समीप एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसके चलते स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भड़ोली निवासी सन्नी चौधरी (34) के रूप में हुई है जाेकि घर से सामान लेने निकला हुआ था।
फोरलेन निर्माण में जुटे कर्मचारी के साथ भयानक हादसा, 33 केवी लाइन की चपेट में आने से माैत
कांगड़ा जिले में नगरोटा बगवां के पास चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान 33 केवी की हाई-टैंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। उक्त हादसा दरंग में हुआ। मृतक की पहचान कवाड़ी गांव निवासी अजय कुमार (52) पुत्र पुरुषोत्तम लाल के रूप में हुई है।
25 वर्षीय विवाहिता ने की आत्महत्या, ससुरालियाें पर लगे प्रताड़ना के आराेप, पति-सास समेत 4 गिरफ्तार
जिला कांगड़ा के शाहपुर उपमंडल में एक 25 वर्षीय विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। वहीं मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल वालाें पर प्रताड़ना का आराेप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
तस्करों का 'मास्टरप्लान' फेल, पंजाब पहुंचने से पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया लाखाें का 'खजाना'
जिला बिलासपुर में खैर तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना कोट कहलूर के तहत पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर एक जीप से अवैध रूप से ले जाई जा रही करीब 3 लाख रुपए की खैर की लकड़ी बरामद की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कैंटर से शराब की 200 पेटियां बरामद, मंडी और हमीरपुर के 2 तस्कर गिरफ्तार
जिला पुलिस की एसआईयू और थाना सदर ऊना की टीम ने एक संयुक्त अभियान में शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोटला कलां में रेलवे क्रॉसिंग के पास एक कैंटर को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो उसमें से 200 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं।

