मैदानों के साथ तपने लगे पहाड़, हीट वेव का रहेगा यैलो अलर्ट, धू-धू जलने लगे हिमाचल के जंगल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, May 20, 2024 - 12:09 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में अब सूर्यदेव ने अपनी तपिश का खूब अहसास करवा दिया है। लगातार दूसरे दिन रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में लू चली और गर्मी से लोग बेहाल हो गए हैं। आलम यह है कि प्रदेश के मैदानी इलाके ही पूरी तरह से नहीं तप गए हैं, अपितु पहाड़ भी अब गर्म होने लगे हैं, जिससे न केवल स्थानीय लोग, अपितु बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी यहां गर्मी झेलनी पड़ रही है। शिमला जैसी जगह में पर्यटक पंखों व ए.सी. की मांग करने लगे हैं। रविवार को शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, ऊना, सोलन, कांगड़ा, मंडी व बिलासपुर में लू चली है, जबकि इससे पहले 24 घंटों में शिमला, धर्मशाला, सुंदरनगर, भुंतर, ऊना, सोलन, पालमपुर, गग्गल, मंडी व बिलासपुर में भी लू चल चुकी है। गर्मी के कारण तापमान बढ़ने से हिमाचल प्रदेश के वन क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। इस कारण प्रदेश के जंगल धू-धू कर जलने लगे हैं। प्रदेश में आगजनी की 320 घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे लाखों की वन संपदा के साथ-साथ वन्य जीव भी जलकर राख हो चुके हैं। राज्य में अब तक आग लगने की घटनाओं के कारण 2180.89 हैक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है तथा 5282543 रुपए की वन संपदा राख हुई है। आग लगने की सबसे अधिक 84 घटनाएं धर्मशाला सर्कल में सामने आई हैं जबकि अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

मैदानों के साथ तपने लगे पहाड़, गर्मी से बेहाल हुए लोग, 23 मई तक हीट वेव का रहेगा यैलो अलर्ट
प्रदेश में अब सूर्यदेव ने अपनी तपिश का खूब अहसास करवा दिया है। लगातार दूसरे दिन रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में लू चली और गर्मी से लोग बेहाल हो गए हैं। आलम यह है कि प्रदेश के मैदानी इलाके ही पूरी तरह से नहीं तप गए हैं, अपितु पहाड़ भी अब गर्म होने लगे हैं, जिससे न केवल स्थानीय लोग, अपितु बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी यहां गर्मी झेलनी पड़ रही है। शिमला जैसी जगह में पर्यटक पंखों व ए.सी. की मांग करने लगे हैं। रविवार को शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, ऊना, सोलन, कांगड़ा, मंडी व बिलासपुर में लू चली है, जबकि इससे पहले 24 घंटों में शिमला, धर्मशाला, सुंदरनगर, भुंतर, ऊना, सोलन, पालमपुर, गग्गल, मंडी व बिलासपुर में भी लू चल चुकी है।

धू-धू जलने लगे हिमाचल के जंगल, 2180.89 हैक्टेयर वन क्षेत्र में लाखाें की संपदा जलकर राख
गर्मी के कारण तापमान बढ़ने से हिमाचल प्रदेश के वन क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। इस कारण प्रदेश के जंगल धू-धू कर जलने लगे हैं। प्रदेश में आगजनी की 320 घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे लाखों की वन संपदा के साथ-साथ वन्य जीव भी जलकर राख हो चुके हैं। राज्य में अब तक आग लगने की घटनाओं के कारण 2180.89 हैक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है तथा 5282543 रुपए की वन संपदा राख हुई है। आग लगने की सबसे अधिक 84 घटनाएं धर्मशाला सर्कल में सामने आई हैं जबकि अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है।

निषाद ने वर्ल्ड पैरा एथलैटिक्स चैंपियनशिप में झटका रजत पदक
वर्ल्ड पैरा एथलैटिक्स चैंपियनशिप कोबे जापान-2024 में हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के अधीन पड़ते अम्ब के गांव बदाऊं निवासी निषाद कुमार ने 47 कैटेगरी में ऊंची कूद में एक बार फिर से भारत का नाम चमकाया है। रविवार को चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए निषाद कुमार ने 1.99 मीटर का हाई जम्प लगाकर सिल्वर मैडल हासिल किया है।

Weather Update: हिमाचल में आज 7 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, ऊना में पारा 40 डिग्री के पार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के कई जिलों में मई के महीने में गर्मी अपने चरम पर है और मैदानी इलाकों में पिछले 4 दिनों से पारा 40 डिग्री सैल्सियस से ऊपर बना हुआ है। आलम यह है कि मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी के तीखे तेवर हैं। ऊना जिले की बात करें तो यहां का तापमान 42 डिग्री सैल्सियस बना हुआ है। इसी तरह अन्य जिलों में भी पार 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज शिमला समेत 7 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है।

राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बद्दी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान चुनाव लीड, सरकार या कुर्सी का नहीं, लोकतंत्र के भविष्य की दशा और दिशा तय करने का है। बात हिमाचल की अस्मिता और स्वाभिमान की है। चूंकि, राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। मैंने राजनीति में कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

सुबाथू में 8 वर्षीय बच्ची को सांप ने काटा, मौत
छावनी क्षेत्र के साथ लगती कक्ड़हट्टी पंचायत के ग्राम कक्ड़हट्टी में 8 वर्षीय बच्ची तन्वी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। तन्वी को उसके घर में शनिवार शाम को सांप ने डस लिया। तन्वी ने सांप के काटने के बाद अपने दादा को बताया। इस पर परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल सोलन ले गए लेकिन दोहरी दीवार पहुंचते ही उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। वह अस्पताल ले जाते समय कह रही थी कि मुझे बचा लो। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। तन्वी सुबाथू छावनी के शौर्य पब्लिक स्कूल में तीसरी की छात्रा थी। उसके पिता रविकांत भारतीय सेना में जम्मू कश्मीर के लेह में तैनात हैं तथा माता गृहिणी हैं।

उद्योग में करंट लगने से कामगार की मौ.त, प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
ना नालागढ़ के तहत पंजैहरा स्थित एक उद्योग में करंट लगने से एक कामगार की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कामगार के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है और छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पचान शरणजीत (24) पुत्र गुरनाम सिंह निवासी कटीरडू माजरा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शरणजीत पंजैहरा स्थित उक्त कम्पनी में काॅन्ट्रेक्टर के तहत कार्यरत था और गत दिन देर शाम कम्पनी में काम करने के दौरान उसे करंट लग गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए नालागढ़ अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

बिलासपुर के जगातखाना में गरजे CM सुखविंदर सिंह सुक्खू, भाजपा सहित आजाद विधायकों पर लगाए ये आरोप
बिलासपुर के जगातखाना में रविवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनावी जनसभा की। इससे पहले बिलासपुर पहुंचने पर सीएम का कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। वहीं इस दौरान सीएम ने भाजपा पर खूब निशाने साधे और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर पलटवार भी किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि आजाद विधायक भी इतने पैसे में बिके कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्हें भाजपा व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खरीदा है। जयराम फ्लॉप डायरैक्टर हैं, उनकी 2 फिल्में रिवाज बदलेगा व ऑप्रेशन लोटस फ्लॉप हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से 26 साल से भाजपा सांसद चुनकर जा रहे हैं, लेकिन संसदीय क्षेत्र में कोई बड़ी योजना नहीं ला पाए।

हिमाचल: आचार संहिता खत्म होते ही स्कूलों में भरे जाएंगे JOA (Librarian) के 2000 पद, सरकार ने हाईकोर्ट को दी जानकारी
आदर्श आचार संहिता खत्म होते ही प्रदेश के स्कूलों में जेओए (लाइब्रेरियन) के खाली पड़े 2000 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार की ओर से हाईकोर्ट को यह जानकारी दी गई कि इन पदों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम 6 दिसम्बर, 2023 को बना लिए थे। इससे पहले हाईकोर्ट ने सरकारी स्कूलों में जूनियर ऑफिस असिस्टैंट (लाइब्रेरियन) के नाम से भरे जाने वाले पदों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को अंतिम रूप देने के आदेश दिए थे। पहले जिन पदों को असिस्टैंट लाइब्रेरियन के नाम से जाना जाता था उनके स्थान पर नए कैडर के जेओए (लाइब्रेरियन) के करीब 2000 पद शिक्षा विभाग में खाली पड़े हैं।

HPTSB: 32 परीक्षा केंद्रों पर 4441 अभ्यर्थियों ने दी बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा, 493 रहे अनुपस्थित
रविवार को हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा पैट परीक्षा का आयोजन किया गया। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस परीक्षा के लिए प्रदेश में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा के लिए कुल 4934 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से करीब 4441 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए अपीयर हुए हैं वहीं 493 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे हैं। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी रही। तकनीकी बोर्ड कार्यालय धर्मशाला से भी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की गई।

भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने मां ज्वालामुखी के दरबार में नवाया शीश
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने अपनी ईष्ट देवी मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने विधिपूर्वक मां ज्वाला की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर में किसी प्रकार की भी बयानबाजी करने से परहेज किया। इतना जरूर कहा कि केदारनाथ, उज्जैन महाकाल, काशी विश्वनाथ और देश के अन्य मंदिरों की तरह हिमाचल प्रदेश के मंदिरों का भी कायाकल्प किया जाएगा और यह हमारे सरकार के ध्यान में है। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रसाद का अपमान न हो इसके लिए सबके सुझाव लेकर नीति बननी चाहिए। यदि मंदिर में सफाई व्यवस्था ठीक न हो तो मन को बड़ी ठेस लगती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News