सुक्खू मंत्रिमंडल की बैठक आज, भाजपा ने बजट सत्र में सरकार को घेरने की बनाई रणनीति, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Mar 03, 2023 - 06:12 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मार्च महीने में भी सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में मार्च में गर्मी लोगों को खूब सताने वाली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की चौथी मंत्रिमंडल बैठक शुक्रवार को प्रदेश सचिवालय में होगी। सीएम सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश आऊटसोर्स कर्मचारी संघ को आश्वासन दिया है कि आऊटसोर्स कर्मचारियों को पॉलिसी के लिए एक से डेढ़ साल का इंतजार करना होगा। होली पर्व से पहले आम आदमी पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। एलपीजी की कीमतों में बढ़ौतरी के बाद अब हिमाचल में मिल्क फैडरेशन ने भी दूध के दामों में वृद्धि कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 5 मार्च को सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव का शुभारंभ करेंगे। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के अवंतीपोरा में आतंकी मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए रामपुर उपमंडल के किन्नू पंचायत के पिथवी गांव के पवन धंगल का उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी विधानसभा सत्र में राज्य की आर्थिक स्थिति पर श्वेत-पत्र लाएगी ताकि लोगों को इस बारे में वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया जा सके। विधानसभा के 14 मार्च से 6 अप्रैल तक चलने वाले बजट सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्षी भाजपा ने अभी से रणनीति बनाना शुरू कर दी है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

मार्च महीने में खूब सताएगी गर्मी, हीटवेव चलने का पूर्वानुमान
हिमाचल में सूखे के आसार बन रहे हैं। स्थिति ये है कि नवम्बर माह से लेकर फरवरी तक प्रदेश में हर महीने सामान्य से कम ही बारिश हुई है। वहीं मार्च महीने में भी सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान प्रदेश में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। ऐसे में मार्च में गर्मी लोगों को खूब सताने वाली है। वहीं हिमाचल को इस बार सूखे के कारण भारी नुक्सान उठाना पड़ सकता है। 

सुक्खू कैबिनेट की बैठक आज, खाली पद भरने एवं विभागीय प्रस्तावों को लग सकती है मुहर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की चौथी मंत्रिमंडल बैठक शुक्रवार को प्रदेश सचिवालय में होगी। बैठक में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागों में खाली पदों को भरने के अलावा अन्य विभागीय प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। सरकार अब तक एनटीटी भर्ती प्रक्रिया को शुरू नहीं कर पाई है, जिसको लेकर अभी निर्णय लिया जाना है।

बजट सत्र में सरकार को घेरेगी भाजपा, विधायक दल की बैठक में बनाई रणनीति
विधानसभा के 14 मार्च से 6 अप्रैल तक चलने वाले बजट सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्षी भाजपा ने अभी से रणनीति बनाना शुरू कर दी है। इस कड़ी के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सर्किट हाऊस में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश महामंत्री पवन राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में सरकार को घेरने के लिए उठाए जाने वाले विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। 

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुआ हिमाचल का लाल
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के अवंतीपोरा में आतंकी मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए रामपुर उपमंडल के किन्नू पंचायत के पिथवी गांव के पवन धंगल का उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पूर्व रामपुर उपमंडल में सड़कों पर जगह-जगह शहीद के अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। 

आऊटसोर्स कर्मचारियों को पॉलिसी के लिए करना होगा एक से डेढ़ साल का इंतजार
हिमाचल प्रदेश आऊटसोर्स कर्मचारी संघ ने आऊटसोर्स कर्मचारियों की लगातार नौकरी जाने पर चिंता जताई है, साथ ही संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आऊटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से न निकालने का आग्रह किया है। वीरवार को हिमाचल प्रदेश आऊटसोर्स कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला तथा उन्हें अपनी विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। 

5 मार्च को सीएम सुक्खू करेंगे सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव का शुभारंभ
5 से 8 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव-2023 की तैयारियों को जिला प्रशासन द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। डीसी देबश्वेता बनिकने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 5 मार्च को दोपहर बाद लगभग साढे़ 3 बजे सुजानपुर में भव्य शोभायात्रा और मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ ऐतिहासिक होली उत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

बजट सत्र में प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वतेपत्र लाएगी सरकार
प्रदेश सरकार आगामी विधानसभा सत्र में राज्य की आर्थिक स्थिति पर श्वेत-पत्र लाएगी ताकि लोगों को इस बारे में वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया जा सके। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से ये बात कही। उन्होंने कहा कि जनता को भी पता होना चाहिए कि पूर्व सरकार ने किस तरह से फाइनैंशियल मिसमैनेजमैंट करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तहस-नहस किया। 

सरकार श्वेत पत्र लाई तो भाजपा तथ्यों के साथ देगी जवाब
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यदि कांग्रेस सरकार श्वेत पत्र लाती है, तो भाजपा तथ्यों के साथ उसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खराब वित्तीय हालत के लिए अधिकांश समय सत्ता में रहे कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। जयराम ठाकुर यहां त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद मनाए गए जश्न के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। 

घरेलू गैस सिलैंडर के बाद अब हिमाचल में दूध भी महंगा
होली पर्व से पहले आम आदमी पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। एलपीजी की कीमतों में बढ़ौतरी के बाद अब हिमाचल में मिल्क फैडरेशन ने भी दूध के दामों में वृद्धि कर दी है। मिल्क फैडरेशन ने दूध के दामों में 2 रुपए की बढ़ौतरी की है। अब मिल्क फैडरेशन का दूध 45 की बजाय 47 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। दूध की ये नई दरें 1 मार्च से लागू कर दी गई हैं।

नाक के ऑप्रेशन के बाद मरीज की मौत, चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज
नाक के ऑप्रेशन के बाद व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना मैहतपुर में एक निजी अस्पताल संचालक चिकित्सक और मोहाली के एक निजी अस्पताल से आकर ऑप्रेशन करने वाले चिकित्सक के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 336 व 304ए के तहत मामला दर्ज किया है। 

खड्ड में गिरते ही कार में लगी आग, 2 सवार जिंदा जले
पधर-जोगिंद्रनगर वाया नोहली सड़क मार्ग पर दमेला के पास आल्टो कार खड्ड में जा गिरी जिससे कार में आग लग गई और उसमें सवार 2 लोग जिंदा जल गए जबकि तीसरा गाड़ी से पहले ही बाहर गिर जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात्रि करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। 

मंडी में पर्यटकों की दबंगई, भुंतर के युवक पर रॉड से किया हमला
मंडी जिला के तहत 7 मील के पास पर्यटकों द्वारा भुंतर के युवक को रॉड से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली से मनाली जा रही एक पर्यटक बस मनाली-चंडीगढ़ मार्ग पर 7 मील के पास एक ढाबे में रुकी थी। जब बस से भुंतर का युवक अमन और एक लड़की उतरे तो उसी दौरान पंजाब की तरफ से आई एक पर्यटकों की गाड़ी भी उसी जगह पर रुकी, जिसमें 4 युवक सवार थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News