ग्रामीण आय बढ़ाने और अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर सुक्खू सरकार का जोर

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 09:54 AM (IST)

Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार का ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाने और गांव की अर्थव्यवस्था में सीधे धन का प्रवाह सुनिश्चित करने पर है। सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर तहसील में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में उनकी सरकार के सत्ता संभालने के समय दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर था, जो अब दोगुना हो गया है।

यहां जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। क्षेत्र के दौरे के दौरान सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए शिंगला हेलीपैड पर 232.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के निर्माण के लिए 36 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे क्षेत्र के सेब उत्पादकों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।

अधिकारियों को दिए ये निर्देश

सुक्खू ने अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पट गांव में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां वह ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों के आधार पर आवश्यक योजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News