ऊना में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, दलाईलामा गांधी मंडेला पुरस्कार से सम्मानित, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2022 - 07:29 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): नई दिल्ली से हिमाचल के अंब अंदोरा के बीच चलने वाली प्रीमियम ट्रेन सेवा वंदे भारत पर पथराव की घटना सामने आई है। गांधी मंडेला फाऊंडेशन (जीएमएफ) द्वारा आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह में धर्मगुरु दलाईलामा को गांधी मंडेला पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बारालाचा व शिंकुला दर्रे में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। शिमला जिले के उपमंडल कुमारसैन की कोटगढ़ उपतहसील के जरोल क्षेत्र में कोयले की गैस लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य गंभीर हो गए। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले राज्य के कांग्रेस नेता दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने लगे हैं। हिमाचल कांग्रेस ने एसजेपीएनएल द्वारा शिमला शहर के लिए 700 करोड़ रुपए की पेयजल योजना की निविदा देने पर चुनाव आयोग से शिकायत की है। मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत नबाही में अपने घर में झूला झूल रही 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र की सबसे ऊंची चोटी व क्षेत्र के प्रसिद्व आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार यात्रा पर जिला प्रशासन ने पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। चम्बा के साहो में आग लगने से 4 दुकानें जलकर राख हो गईं।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां 

अजनोली में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, बोगी के 3 शीशे टूटे
नई दिल्ली से हिमाचल के अंब अंदोरा के बीच चलने वाली प्रीमियम ट्रेन सेवा वंदे भारत पर पथराव की घटना सामने आई है। हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची लेकिन एक बोगी के 3 शीशे टूट गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रवासी श्रमिकों के बच्चों ने रेलवे स्टेशन से आगे फाटक पर बने एक पुल से गुजरती वंदे भारत पर पथराव कर दिया। 

धर्मगुरु दलाईलामा गांधी मंडेला पुरस्कार से सम्मानित
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शनिवार को कांगड़ा जिले के थेकचेन, मैक्लोडगंज व धर्मशाला में गांधी मंडेला फाऊंडेशन (जीएमएफ) द्वारा आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह में धर्मगुरु दलाईलामा को गांधी मंडेला पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर धर्मगुरु दलाईलामा ने कहा कि अङ्क्षहसा और करुणा विश्व शांति के लिए आवश्यक हैं और ये दोनों सिद्धांत हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति में रचे-बसे हैं।

बारालाचा व शिंकुला दर्रे में बर्फबारी, मनाली-लेह सड़क बंद
बारालाचा व शिंकुला दर्रे में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। दर्रों सहित ऊंची चोटियों में सुबह से बर्फबारी हो रही है, जिसको देखते हुए बीआरओ अब अगले साल ही मनाली-लेह सड़क को बहाल करेगा। हालांकि शिंकुला दर्रे की बहाली जारी है और पद्दुम कारगिल होते हुए लोग लेह जा सकते हैं लेकिन बारालाचा दर्रे से होते हुए अब आवाजाही अगले साल सड़क बहाली तक बंद हो गई है। 

दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने लगे कांग्रेसी नेता
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए हुए मतदान के बाद तथा चुनाव परिणाम आने से पहले राज्य के कांग्रेस नेता दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने लगे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग भेंट कर हाल ही में प्रदेश हुए विधानसभा चुनावों को लेकर फीडबैक दिया। 

700 करोड़ की पेयजल योजना की निविदा देने पर चुनाव आयोग से शिकायत
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल) द्वारा शिमला शहर के लिए 700 करोड़ रुपए की पेयजल योजना की निविदा देने पर आपत्ति जताई है। इसको लेकर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रजनीश किमटा ने भारत के चुनाव आयोग को शिकायती पत्र लिखा है, जिसमें उन्हें इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। अपने पत्र में किमटा ने चुनाव आयोग से पेयजल की इस निविदा प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

कोयले की गैस लगने से सिरमौर के 2 मजदूरों की मौत, 7 गंभीर
शिमला जिले के उपमंडल कुमारसैन की कोटगढ़ उपतहसील के जरोल क्षेत्र में कार्य करने वाले मजदूरों को कोयले की गैस लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य गंभीर हो गए। पुलिस के अनुसार सभी मजदूर सिरमौर जिला की रेणुका तहसील के रहने वाले हैं जरोल के शीलाजान में भवन निर्माण कार्य करते हैं। 

झूले की रस्सी बन गई फंदा, 7 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत
मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत नबाही में अपने घर में झूला झूल रही 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 2 बहनों ने स्कूल से घर पहुंचने पर आम दिन की तरह खाना खाया और खेलने निकल गईं। करीब 5 बजे दोनों अपने कमरे में लगे अलग-अलग झूलों में झूलने लग गईं। अचानक बड़ी बेटी स्वेता के गले में झूले की रस्सी फंस गई और गला घुट गया। 

चूड़धार यात्रा पर प्रशासन ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध
सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र की सबसे ऊंची चोटी व क्षेत्र के प्रसिद्व आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार यात्रा पर जिला प्रशासन ने पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। प्रशासन ने चोटी पर बर्फबारी होने के बाद यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने न आए। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। 

चम्बा के साहो में भीषण आग लगने से 4 दुकानें जलकर राख
चम्बा के साहो में आग लगने से 4 दुकानें जलकर राख हो गईं। अग्निकांड में कपड़ों की दुकानों सहित मेडिकल स्टोर भी जल गया है। इससे करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3 बजे साहो बाजार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट शिवा ट्रैवलर्ज के मालिक नरेश महाजन की दुकानों में अचानक आग लग गई। 

पांवटा साहिब-शिलाई NH-707 भूस्खलन से बंद
पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे 707 हेवणा के पास भूस्खलन होने से पूर्ण रूप से बंद हो गया है। जिस कारण गिरिपार क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों का पांवटा साहिब से संपर्क कट गया है। नैशनल हाईवे को बहाल करने के लिए कंपनी ने मशीनें लगा दी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे 707 का 1350 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण का निर्माण कार्य चला हुआ है।

ढली व संजाौली में पुलिस ने पकड़ी चिट्टे की खेप, 4 युवक गिरफ्तार
शिमला में चिट्टा का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस आए दिन चिट्टे संग छोटे तस्करों को दबोच रही है। पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में चिट्टे के साथ 4 युवकों को पकड़ा है। चारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पहले मामले में पुलिस ने थाना ढली के तहत 3 युवकों से 4.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों युवक इंदर सिंह, देवेंद्र व प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। ये शिमला व सोलन के रहने वाले हैं।

लापता मतदान कर्मी का 8वें दिन भी नहीं मिला सुराग
विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर के आशापुरी पोलिंग स्टेशन पर चुनाव ड्यूटी देने गए रोंखर निवासी संजीव कुमार का 8वें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे में संजीव के परिजनों ने गांव के अन्य लोगों के साथ एडीएम रोहित राठौर से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने कुछ सवालों को लेकर एक ज्ञापन एडीएम रोहित राठौर को सौंपा तथा मतदान केंद्र में ड्यूटी में तैनात अन्य स्टाफ सदस्यों से सख्ती से पूछताछ करने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News