हिमाचल में केजरीवाल की तिरंगा यात्रा आज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Jun 25, 2022 - 07:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल 25 जून यानी शनिवार को कुल्लू में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ रोड शो करेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता मंत्रिमंडल बैठक की बैठक होगी। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। उधर, शिक्षा मंत्री ने आप को बरसाती मेंढक बताया है। कुल्लू के मनाली में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की गाेली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी शूट कर लिया। बिलासपुर जिले में बारातियों को लेकर जा रही एक बस पलट गई है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरेें सिर्फ यहां

धर्म, जाति व क्षेत्रवाद के नाम पर चुनाव लड़ती है भाजपा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा ने कहा कि भाजपा धर्म, जातिवाद व क्षेत्रवाद के नाम चुनाव लड़ती है जबकि कांग्रेस पार्टी विकास के नाम पर चुनाव लड़ेगी व जनता के सहयोग से कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले क्षेत्रवाद का नारा लगाया, फिर जाति के नाम पर और आज राम का नाम लेकर व धर्म के नाम का इस्तेमाल कर लोगों के दरबार में जा रही है।

AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कुल्लू में निकालेंगे तिरंगा यात्रा
हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने के बाद अब आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शिक्षा मंत्री के गृह जिला कुल्लू में भी गरजेंगे। केजरीवाल 25 जून यानी शनिवार को कुल्लू आएंगे। केजरीवाल शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ जिला मुख्यालय ढालपुर में तिरंगा यात्रा का आगाज करेंगे। वहीं इस दौरान वे बड़ी घोषणा भी अपने समर्थकों के बीच करेंगे। इस दौरान ढालपुर में वे कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।

कैबिनेट मीटिंग में 4000 पैरा वर्कर्ज के पद भरने को मिल सकती है मंजूरी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 25 जून (शनिवार) को होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में पैरा वर्कर पॉलिसी के तहत जल शक्ति विभाग में 4000 पैरा वर्करों के पद भरने को अनुमति मिल सकती है। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस मामले को मंत्रिमंडल में ले जाने की बात कही है। ऐसे में यदि विभागीय स्तर पर इससे संबंधित सभी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जाता है तो इसे स्वीकृति प्रदान किए जाने की संभावना है। 

होटल में पत्नी को प्रेमी के साथ संदिग्ध हालत में देख पति ने उठाया ये खौफनाक कदम
पर्यटन नगरी मनाली के एक होटल में हुए गोलीकांड में 2 लोगों की मौत हो गई है। मामला प्रेम प्रसंग का है। पति ने पत्नी के प्रेमी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पति ने पत्नी पर भी गोली चलाई लेकिन वह बच गई, अंत में पति ने खुद को भी मारकर आत्महत्या कर ली। मरने वालों की शिनाख्त ऋषभ सक्सेना (32) पुत्र प्रवीण सक्सेना निवासी सैक्टर 7 दिल्ली जबकि सन्नी शेरावत (31) पुत्र कुलदीप कुमार निवासी आरजैडडी 67 स्ट्रीट नंबर-3 मेन गोपाल नगर नजबगढ़ नई दिल्ली के रूप में हुई है।

चुनावी मौसम में बरसाती मेंढक की तरह टर्रा रही है आम आदमी पार्टी 
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि चुनावी मौसम में आम आदमी पार्टी के नेता बरसाती मेंढक की तरह टर्रा रहे हैं। जो चुनावों के बाद गायब हो जाएंगे। यही पार्टी का एजैंडा है। शिक्षा मंत्री का कहना है कि खबरों में बने रहने के लिए पार्टी यह सब ड्रामा कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और हिमाचल का कोई मुकाबला नहीं है। दिल्ली मैदानी क्षेत्र है और हिमाचल भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम क्षेत्र है।

Intelligence Bureau को मिला नया मुखिया
1998 बैच हिमाचल प्रदेश काडर के आईपीएस अधिकारी तपन कुमार डेका इंटैलिजैंस ब्यूरो (आईबी) के निदेशक होंगे। उनकी नियुक्ति को लेकर केंद्रीय कैबिनेट की एप्वाइंटमैंट कमेटी ने आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले वह अभी आईबी में स्पैशल डायरैक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। निदेशक पद पर उनकी नियुक्ति 2 वर्ष के लिए हुई है। वह हिमाचल प्रदेश आईपीएस काडर के सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं।

हिमाचल में बढ़ने लगा कोरोना मरीजों का आंकड़ा
हिमाचल प्रदेश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। प्रदेश में शुक्रवार को 48 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 3, चम्बा के 3, हमीरपुर के 5, कांगड़ा के 19, किन्नौर के 2, मंडी के 3, शिमला के 10, सिरमौर के 2 व ऊना का 1 मरीज शामिल है। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 285642 पहुंच गया है। 

शोभायात्रा के साथ राज्य स्तरीय शूलिनी मेला शुरू
सोलन की आराध्य देवी मां शूलिनी की शोभायात्रा के साथ राज्य स्तरीय शूलिनी मेला शुक्रवार को शुरू हो गया। शूलिनी माता शहर में लोगों को दर्शन देने के बाद देर शाम अपनी बहन के घर गंज बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर पहुंचीं। अब मां रविवार रात को वापस अपने मंदिर लौटेंगी। मां शूलिनी हर वर्ष जून महीने में अपनी बहन से मिलने जाती हैं। इसी उपलक्ष्य में शूलिनी मेला मनाया जाता है।

घुमारवीं के भगेड़ में बारातियों से भरी बस पलटी
बिलासपुर जिला के पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले भगेड़ के पास शुक्रवार सुबह बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 13 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 घायल सिविल अस्पताल घुमारवीं और 11 घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया गया है। 

मंत्री राकेश पठानिया ने मुकेश अग्निहोत्री को दी ये चेतावनी
वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ की गईं टिप्पणियों के विरोध में कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने अग्निहोत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। घटिया बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अग्निहोत्री द्वारा सहेली शब्द का प्रयोग करने पर भी आपत्ति जताई तथा चेतावनी दी कि अग्निहोत्री मुख्यमंत्री के खिलाफ की गईं टिप्पणियों पर माफी मांगें अन्यथा उनके पास अन्य विकल्प खुले हैं, जिसमें वह न्यायालय की शरण भी ले सकते हैं। 

अपना गांव अपनी सड़क अभियान में रोड जाम करके विरोध करेंगे किसान 
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश में अपना गांव अपनी सड़क अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत गांव के लोग अपने क्षेत्र में सड़कों पर उतरेंगे और चक्का जाम करेंगे। एक ही दिन में सभी जगह इस तरह के कार्यक्रम करके विरोध जताया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले यह अभियान हम शुरू करेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News