हिमाचल के सुनील ने दुबई में गाड़ा झंडा: पैरा एथलेटिक्स में जीते दो रजत पदक

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 08:25 AM (IST)

ऊना। ऊना जिले के अम्ब उपमण्डल के होनहार पैरा एथलीट सुनील कुमार ने दुबई में आयोजित 17वीं फज़ा अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 32.47 मीटर भाला फेंककर उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि शॉटपुट प्रतियोगिता में 8.04 मीटर गोला फेंककर दूसरा रजत पदक हासिल किया। 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बधाई संदेश में कहा कि सुनील कुमार की यह उपलब्धि हिमाचल की खेल प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अत्यंत सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुनील भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतते रहेंगे । उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने संदेश में कहा कि सुनील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीतकर इतिहास रचा है। यह उपलब्धि न केवल ऊना बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल का मान बढ़ाते हुए सुनील कुमार ने सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

वहीं, श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने भी सुनील कुमार और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News