आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए हिमाचल के वीर, गांव में छाया मातम

punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 03:48 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील झंडूता की ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव गंगलोह का सैन्य जवान किश्तवाड़ में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार गंगलोह निवासी बलदेव चंद (35) पुत्र बिशन दास 58 आर्म्ड 4 आरआर किश्तवाड़ में कार्यरत थे तथा बीते कल आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए। 

शहीद बलदेव चंद अपने पीछे पत्नी शिवानी रनौत, एक 6 वर्षीय बेटे ईशान व माता-पिता को छोड़ गए हैं तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार शहीद की पार्थिव देह रविवार दोपहर तक पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है। शहीद का अंतिम संस्कार उनके पैतृक श्मशानघाट बल्लू बागड़ू में किया जाएगा। उधर, ग्राम पंचायत सनीहरा के प्रधान कमल चौहान ने बताया कि शहीद की पार्थिव देह रविवार दोपहर तक पैतृक गांव गंगलोह पहुंच जाएगी। बता दें कि शहीद के पिता बिशन दास, ताया ठाकुर दास व चाचा लक्ष्मण दास भी सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। 

मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लांस दफेदार बलदेव चंद की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बलदेव चंद ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए। उनके इस सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News