हिमाचल में आग का तांडव: जलकर राख हुई पशुशाला, लाखों का हुआ नुकसान

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 01:33 PM (IST)

बिलासपुर, (बंशीधर): जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत कचौली के अंतर्गत गांव साईं कनैता में देर रात अचानक लगी आग से एक गौशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह गौशाला सुरेश कुमार की है। आगजनी की इस घटना में गौशाला में रखा चारा, लकड़ी सहित अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ा है।

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए गौशाला में बंधे सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गौशाला से सटे रिहायशी मकान को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्राम पंचायत कचौली के निवर्तमान प्रधान महेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस आगजनी से पीड़ित सुरेश कुमार को लगभग अढ़ाई लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।

फायर ब्रिगेड की गाड़ी

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी, जिससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यदि सड़क सुविधा उपलब्ध होती तो समय पर फायर ब्रिगेड की सहायता लेकर नुक्सान को कम किया जा सकता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News