हिमाचल के 'लाल' ने देश के लिए दिया बलिदान, तीन महीने पहले ही हुई थी शादी

punjabkesari.in Monday, Jun 02, 2025 - 03:10 PM (IST)

नाहन, (आशु) : हिमाचल प्रदेश का एक लाल ड्यूटी के दौरान सिक्किम में वीरगति को प्राप्त हो गया। लांस नायक मनीष ठाकुर ने महज 27 साल की उम्र में शहादत हासिल की। वह जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के बड़ाबन गांव से ताल्लुक रखते थे। उनकी शहादत की खबर से न केवल गांव बल्कि पूरे जिला सिरमौर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर लांस लायक मनीष ठाकुर को श्रद्धांजलि दी जा रही है। मंगलवार को उनके पैतृक गांव बड़ाबन में सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि होगी। जिला प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में एस.डी.एम. नाहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल इन दिनों सिक्किम में भीषण बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी विकट परिस्थितियां बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि इसी बीच रविवार देर शाम आपदा राहत एवं निगरानी ड्यूटी के दौरान लांस नायक मनीष ठाकुर ने प्राणों की आहुति दी। वह सिक्किम के छत्ते गांव में भूस्खलन की चपेट में आ गए। लांस नायक मनीष डोगरा-3 आर्मी यूनिट में कार्यरत थे। 15 जनवरी 1998 को जन्मे मनीष ठाकुर ने वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। 8 साल 8 महीने तक उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा की।

लांस नायक मनीष ठाकुर की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। वे अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंदर सिंह को छोड़ गए हैं। परिवार पर यह गम का पहाड़ जरूर टूटा है, लेकिन उन्हें अपने बेटे की शहादत पर गर्व है। जैसे ही गांव में मनीष के शहादत की खबर पहुंची, तो पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। हर आंख नम है, लेकिन सीना गर्व से चौड़ा भी है।

उधर जिला सिरमौर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक रिटायर्ड मेजर दीपक धवन ने बताया कि लांस नायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह सोमवार देर शाम या फिर मंगलवार सुबह तक पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वह यूनिट से संपर्क बनाए हुए है। डी.सी. सिरमौर प्रियंका वर्मा को भी इसकी सूचना दे दी गई है, जिन्होंने लांस लायक मनीष ठाकुर की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की है। साथ ही इस संबंध में एस.डी.एम. नाहन और पुलिस प्रशासन को भी उचित दिशा निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पैतृक गांव बड़ाबन में सैन्य सम्मान के साथ लांस नायक मनीष ठाकुर की अंत्येष्टि होगी।

मुख्यमंत्री और विधायक ने व्यक्त किया दुख

लांस लायक मनीष ठाकुर की शहादत पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्यों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष ठाकुर के सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। उधर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने भी लांस नायक मनीष ठाकुर की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News