HPU के छात्रों के लिए बड़ी खबर! UG और PG के परीक्षा परिणाम जारी, जानें BSc 1st Year की क्या रही परसैंटेज
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 04:13 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में पढ़ने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न कोर्सेज के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। छात्र अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। विश्वविद्यालय की ओर से जारी नतीजों में स्नातकोत्तर कक्षाओं का पास प्रतिशत बेहद शानदार रहा है।
बीएससी प्रथम वर्ष का पास प्रतिशत 63.63 रहा
विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए परिणामों के अनुसार, बीएससी प्रथम वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम 63.63 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय ने बीएससी ऑनर्स प्रथम वर्ष के नतीजे भी घोषित कर दिए हैं, जिसका परीक्षा परिणाम 87.57 प्रतिशत रहा है। बता दें कि स्नातक स्तर की इन परीक्षाओं का आयोजन इसी वर्ष अप्रैल और मई महीने में किया गया था।
पीजी में एमएससी बायोटैक्नोलॉजी का दबदबा
स्नातक के अलावा एचपीयू ने स्नातकोत्तर के कई अहम कोर्सेज के चौथे सैमेस्टर के परिणाम भी जारी कर दिए हैं। इसमें एमएससी बायोटैक्नोलॉजी चतुर्थ सैमेस्टर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है और इसका परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा है। यानी इस कोर्स में परीक्षा देने वाले सभी छात्र सफल रहे हैं।
माइक्रोबायोलॉजी, कैमिस्ट्री और एमबीए के नतीजे भी जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अन्य पीजी परिणामों में एमएससी माइक्रोबायोलॉजी चतुर्थ सैमेस्टर का परिणाम 98.48 प्रतिशत, एमएससी कैमिस्ट्री चतुर्थ सैमेस्टर का 97.93 प्रतिशत और एमबीए चतुर्थ सैमेस्टर का पास प्रतिशत 89.66 प्रतिशत रहा है। वहीं, एमए सोशल वर्क चतुर्थ सैमेस्टर का परीक्षा परिणाम 76.92 प्रतिशत रहा है। स्नातकोत्तर स्तर की यह परीक्षाएं बीते जून और जुलाई माह में आयोजित की गई थीं।
छात्र ऐसे चैक करें अपना रिजल्ट
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घोषित की गई इन सभी कोर्सेज की पास प्रतिशतता में कम्पार्टमैंट वाले मामले भी शामिल किए गए हैं। परीक्षा में शामिल हुए सभी विद्यार्थी एचपीयू के छात्र पोर्टल पर अपनी लॉगइन आईडी और पासवर्ड दर्ज करके अपना परीक्षा परिणाम और अंक तालिका देख सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

