Shimla: हिंसक झड़प मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, हिस्ट्रीशीटर आशु कांगड़िया समेत 5 और आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 03:41 PM (IST)
शिमला (संतोष): जिला शिमला के ठियोग क्षेत्र में 15 और 16 अगस्त को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और विवाद के मामले में पुलिस का सख्त रवैया लगातार जारी है। इस मामले में पुलिस की जांच टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन नई गिरफ्तारियों के साथ ही इस पूरे हिंसक घटनाक्रम में अब तक पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 21 तक पहुंच गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
12 मुकद्दमों का आरोपी है आशु कांगड़िया
इस पूरी पुलिस कार्रवाई में सबसे बड़ा खुलासा मुख्य आरोपी राज कुमार उर्फ आशू कांगड़िया (32) को लेकर हुआ है। ठियोग निवासी आशु कांगड़िया एक आदतन अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2018 से लेकर 2024 तक उसके खिलाफ ठियोग और धर्मपुर थानों में कुल 12 एफआईआर दर्ज हैं। इन संगीन मामलों में मारपीट, महिलाओं का पीछा करना (स्टॉकिंग), धोखाधड़ी, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, अवैध हथियार रखने, दंगा भड़काने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
किस मामले में कौन हुआ गिरफ्तार?
ठियोग घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने कुल तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। एफआईआर नंबर-115/2026 में मुख्य आरोपी राज कुमार उर्फ आशू कांगड़िया के साथ रजत झाल्टा और रितिक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले इस केस में विक्रांत शर्मा, किंशुक शर्मा, वंश शर्मा और भवानी वर्मा (सन्नी छिब्बर) पकड़े जा चुके हैं। इस एफआईआर में कुल 7 लोग गिरफ्तार हुए हैं। एफआईआर नंबर-117/2026 में पुलिस ने आशीष उर्फ आशु और वरुण चंदेल को गिरफ्तार किया है। इस केस में 9 लोग पहले पकड़े जा चुके है। एफआईआर नंबर-114/2026 में 3 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बख्शा नहीं जाएगा कोई भी उपद्रवी: एएसपी
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में गिरफ्तार किए गए सभी 5 आरोपियों को एसीजेएम ठियोग की अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक शांति भंग करने और हथियारों का दुरुपयोग करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

