Shimla: B.Ed छात्रों के लिए खुशखबरी, HPU ने दिया डिग्री पूरी करने और डिवीजन सुधारने का स्पैशल चांस

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 09:15 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड  के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी खबर जारी की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन छात्रों को एक स्पैशल चांस देने का फैसला किया है, जो किसी वजह से अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाए थे या अपनी डिवीजन में सुधार करना चाहते हैं। विश्वविद्यालय के इस फैसले से हजारों छात्रों को अपना अकादमिक रिकॉर्ड बेहतर करने का मौका मिलेगा।

किन छात्रों को मिलेगा यह मौका
विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक, यह विशेष अवसर शैक्षणिक सत्र 2018-19 से अब तक के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा। इससे पहले हुई कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में बीएड छात्रों को यह स्पैशल चांस देने पर सहमति बनी थी, जिसके बाद बुधवार को विश्वविद्यालय ने औपचारिक तौर पर अधिसूचना जारी कर दी है।

20 हजार रुपए प्रति सैमेस्टर हाेगी फीस
इस स्पैशल चांस का लाभ उठाने के लिए छात्रों को निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। अधिसूचना के अनुसार विद्यार्थी 20,000 रुपए प्रति सैमेस्टर फीस देकर ये परीक्षाएं दे सकेंगे। यह उन छात्रों के लिए एक बार का मौका है जो अपनी डिग्री को पूरा करने या उसमें सुधार करने के लिए फीस चुकाने को तैयार हैं।

आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तारीखें
इस फैसले के साथ ही परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। छात्र ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। बीएड के ऑड सैमेस्टर की परीक्षाएं फरवरी और मार्च महीने में आयोजित की जाएंगी। छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के 16 फरवरी तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद फॉर्म भरने पर विश्वविद्यालय के नियमानुसार विलंब शुल्क वसूला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News