Chamba: शादी समारोह में जा रही महिला के साथ रास्ते में हो गई ये वारदात, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 10:53 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले की कोलका पंचायत में शादी समारोह में शामिल होने जा रही एक महिला को रास्ते में निशाना बनाकर उसके सोने के जेवरात ले उड़ने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता महिला ने इस संबंध में पुलिस थाना सदर चम्बा में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कौशल्या ने बताया कि वह पुंडला गांव में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति कुछ दूरी से लगातार उसके पीछे आ रहा था। शिकायत के अनुसार, जब महिला जंगल के एक एकांत रास्ते पर पहुंची, तो उक्त व्यक्ति उसके पास आया और उसे सड़क से नीचे की ओर गिरा दिया। इसके बाद उसने महिला के सिर पर पत्थर से चोट पहुंचाई और उसके द्वारा पहने गए सोने के सभी जेवरात लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस थाना सदर चम्बा में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News