हिमाचल के लेफ्टिनेंट अनुपम का राजकीय सम्मान से साथ अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि; रिटायरमेंट से 6 माह पहले देश के लिए बलिदान
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 01:52 PM (IST)
Kangra News : देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की पंचायत नौरा (मतेहड़) ने अपना एक वीर सपूत देश सेवा की वेदी पर खो दिया है। भारतीय सेना की 19 पंजाब रेजिमेंट में तैनात लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता का अंडमान-निकोबार में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) से निधन हो गया। बता दें कि अनुपम मेहता इसी वर्ष अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरूवार देर रात ड्यूटी के दौरान लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। रविवार सुबह जैसे ही शहीद की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव मतेहड़ पहुंची, पूरा इलाका 'भारत माता की जय' और 'अनुपम मेहता अमर रहे' के नारों से गूंज उठा।
सैन्य सम्मान के साथ दी गई विदाई
ब्लोटी स्थित श्मशानघाट में राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। 19 पंजाब रेजिमेंट के मेजर सोनू और नायब सूबेदार योगेंद्र कुमार की अगुवाई में 40 सैनिकों की टुकड़ी ने अपने साथी को अंतिम विदाई दी और हवा में गोलियां दागकर सलामी दी। लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता को उनके पुत्र हनी ने मुखाग्नि दी। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा, माता-पिता और दो भाइयों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वहीं, सुलह के विधायक ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।

