"मैं 4 बार का विधायक हूं, मुझे...", हिमाचल दिवस के कार्यक्रम में नाम पहले न लेने पर भड़के कांग्रेस विधायक राकेश कालिया
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 04:33 PM (IST)
Una News : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में आयोजित राज्य दिवस समारोह में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब गगरेट विधानभसा क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया मंच संचालक पर बिफर पड़े। दरअसल, नाम पहले ना लेने पर कांग्रेस विधायक राकेश कालिया भड़क गए थे। वहीं, अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मामला एमसी पार्क ऊना स्थित शहीदों के स्थल का है। बताया जा रहा है कि राज्य दिवस समारोह के दौरान शहीदों और महानायकों को श्रद्धांजलि देने की प्रक्रिया चल रही थी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पहले शहीद स्मारक पर वीर जवानों को पुष्प अर्पित किए, तभी मंच का संचालन कर रहे व्यक्ति ने राकेश कालिया का नाम लेने से पहले हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान का नाम पुकार लिया। विधायक कालिया को यह बात नागवार गुजरी। नाम न लिए जाने से नाराज विधायक राकेश कालिया ने तुरंत टोकते हुए कहा, " मैं चार बार का विधायक हूं, मुझे पहले बुलाना चाहिए था, आपको प्रोटोकाल पता नहीं।" उनकी इस तल्ख टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में कुछ सेकंड के लिए सन्नाटा छा गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हालांकि, फिर मंच संचालक ने उनका नाम लिया और विधायक राकेश कालिया को श्रद्धांजलि देने जाने दिया। वहीं, अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।

