Himachal : नीरज भारती के पोस्ट से मची सियासी खलबली, धन्यवाद संदेश में CM सुक्खू का जिक्र नहीं; ट्रोलिंग के बाद दी ये सफाई
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 11:38 AM (IST)
Himachal Congress : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में हाल ही में हुए संगठनात्मक फेरबदल के बाद नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक नीरज भारती एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसमें उन्होंने नई जिम्मेदारी मिलने पर आभार जताया, लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू और अपने पिता चौधरी चंद्र कुमार (कैबिनेट मंत्री) का नाम शामिल नहीं किया। इस पर उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
"झूठ बोलना और चापलूसी करना मेरी फितरत में नहीं"
बता दें कि नीरज भारती ने अपनी पोस्ट में लिखा था, "हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के रूप में जो जिम्मेदारी मुझे कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व- अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी, प्रदेश अध्यक्ष भाई विनय कुमार जी और उप मुख्यमंत्री भाई मुकेश अग्निहोत्री जी ने सौंपी है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करूंगा। मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं सभी वरिष्ठ नेताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, लेकिन झूठ बोलना और चापलूसी करना मेरी फितरत में नहीं है, जो बात मुझे सही लगेगी, उसे पूरे विश्वास के साथ कहूंगा और जो बात गलत लगेगी, उसे भी बिना किसी हिचक के स्पष्ट रूप से रखने से पीछे नहीं हटूंगा।"
"संगठन ने दी जिम्मेदारी, सरकार का धन्यवाद क्यों?"
वहीं, संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अपने पिता चौधरी चंद्र कुमार (कैबिनेट मंत्री) का आभार न जताने पर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए नीरज भारती ने तर्क दिया कि उन्हें यह पद संगठन की ओर से मिला है, इसलिए आभार भी वहीं का बनता है जहां से आदेश जारी हुए हैं। भारती ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ अपने दशकों पुराने रिश्तों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री ने ही उन्हें बुलाकर इस नई भूमिका पर चर्चा की थी, इसलिए उनका विशेष आभार जताया गया है। भारती ने साफ किया कि इस नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई थी।
विवाद को धार देते हुए भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह और वर्तमान मुख्यमंत्री सुक्खू के पुराने रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, "जब राजा वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री थे और सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, तब क्या उन्होंने राजा साहब का शुक्रिया अदा किया था? मैं केवल उन्हीं का आभार जता रहा हूं जिन्होंने मेरा नाम आगे बढ़ाया।"इस पूरे घटनाक्रम ने हिमाचल प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है। राजनीतिक हलकों में इसे मुख्यमंत्री के प्रति भारती की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।

